विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत पाटी के अंतर्गत GIC पाटी में आयोजित बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर में 75 शिकायतों में से 64 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज 4 फरवरी को हुए शिविर में विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।





झुड़ेली की ममता को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभांवित करने के लिए BDO मोनिका पाल को निर्देश दिए। पाटी के दीपक गहतोड़ी के अनुरोध पर जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए चैन लिंक फेंसिंग लगाने के लिए कृषि एवं उद्यान विभाग को कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम कोटना के रमी राम की विद्युत लाइन संबंधी समस्या पर UPCL के अधिशासी अभियंता को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ढरौज की लक्ष्मी देवी की सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग पर UREDA को कार्रवाई के लिए कहा गया। होली पिपलाटी के नवीन चंद्र की सिंचाई गूल मरम्मत की मांग पर लघु सिंचाई विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त राशन, भू-कटाव रोकथाम, आवासीय व्यवस्था, पेयजल टैंक निर्माण, सड़क किनारे झाड़ी कटान सहित अनेक समस्याएं भी नागरिकों ने रखी।
शिविर में 600 से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया। राजस्व विभाग ने 42, ग्राम्य विकास 16, पंचायती राज 5, कृषि विभाग 20, उद्यान विभाग 60, समाज कल्याण विभाग5, पूर्ति विभाग 15, श्रम विभाग 24, स्वास्थ्य विभाग 151, आयुष एवं होमियोपैथी विभाग 128 तथा पशुपालन विभाग 94 सहित कुल 509 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने 116 प्रमाणपत्र बनाकर वितरित किए गए। 25 लोगों के आधार पंजीकरण/संशोधन तथा समान नागरिक संहिता के अंतर्गत पंजीकरण किए गए।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग ने सामूहिक बालिका जन्मोत्सव भी मनाया। शिविर में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, SDM नीतू डागर, DDO दिनेश डिगारी, CEO मेहरबान सिंह बिष्ट, EE कमल मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.