Wednesday Feb 4, 2026

7 विशेषज्ञ चिकित्सक NHM से उत्तराखंड को मिले

2 माह तक आंदोलन करने वाले चौखुटिया अस्पताल को 3 डॉक्टर मिले

11 माह के लिए 2.89 से 3.50 लाख रुपये के मानदेय पर की गई है तैनाती

देवभूमि टुडे

चंपावत/देहरादून। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया में 2 अक्टूबर से करीब 2 माह तक चले आंदोलन का असर हुआ है। सरकार ने चौखुटिया केअस्पताल को 3 विशेषज्ञ चिकित्सक दिए है। इसके अलावा 3 अन्य अस्पतालों को कुल 4 विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा मिलेगी। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र वाले चंपावत जिले को NHM (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के तहत एक भी विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिला है।

NHM के तहत 'यू कोट वी पे' मॉडल के तहत स्वास्थ्य विभाग को 7 विशेषज्ञ चिकित्सक मिल गए हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार के मुताबिक इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, डीडीहाट, बीरोंखाल और उप जिला अस्पताल गैरसैंण में तैनाती दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से इन अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी।

इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की NHM के तहत संविदा के आधार पर 2.89 से 3.50 लाख रुपये के मानदेय पर 11 माह के लिए तैनाती की गई है। अलबत्ता कार्य निष्पादन मूल्यांकन के आधार पर तैनाती को आगे बढ़ाया जा सकता है। चयनित चिकित्सकों को निर्धारित समयावधि में संबंधित CMO के कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा। लेकिन चंपावत जिले को NHM से एक भी डॉक्टर नहीं मिला है। 

प्रदेश के 4 अस्पतालों को मिले हैं ये 7 डॉक्टर: CHC चौखुटिया: डॉ. आर हेमचंद्रन (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. देविका खत्री (ऑब्स्टेट्रीक एंड गायनी) और डॉ. अनंत गुप्ता (पीडियाट्रिशियन)। 

SDH गैरसैण: डॉ. विशाल प्रताप सिंह (एनेस्थेटिस्ट) व डॉ. शिल्पा भानुदास (ऑब्स्टेट्रीक एंड गायनी)। 

CHC बीरोंखाल: डॉ. ममता थपलियाल (ऑब्स्टेट्रीक एंड गायनी)।

CHC  डीडीहाट: डॉ. किशन सिंह महर (पीडियाट्रिशियन)।

चंपावत जिले के लिए की गई थी इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग:

टनकपुर: गायनोकोलिजस्ट, निश्चेतक, ENT व अस्थिरोग विशेषज्ञ।

लोहाघाट: सर्जन व अस्थिरोग विशेषज्ञ।

चंपावत DH: गायनोकोलोजिस्ट व बालरोग विशेषज्ञ।

क्या कहते हैं अधिकारी

'चंपावत जिले के लिए 8 डॉक्टरों की मांग की गई थी। लेकिन NHM से अभी कोई डॉक्टर नहीं मिला है। डॉक्टरों की जरूरतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सचिव से वार्ता कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए आग्रह किया है। उम्मीद है कि जल्द डॉक्टर मिल जाएंगे।'

डॉ. देवेश चौहान,

CMO, चंपावत।

CMO डॉ. देवेश चौहान।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.