टनकपुर मंडल के तीनों डिपो को दो-दो नई बसें मिलीं लेकिन अभी 30 और बसों की जरूरत
टनकपुर मंडल के तीनों डिपो के पास फिलहाल हैं 196 बसें
राज्य आंदोलनकारी मंदीप ढेक ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए बस बेड़े को दोगुना करने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर क्षेत्र को 6 नई बसें मिल गई हैं। टनकपुर के मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल ने बताया कि मंडल के तीनों (टनकपुर, लोहाघाट व चंपावत) डिपो को दो-दो नई बसें मिली हैं। BS-6 की इन बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा।
उत्तराखंड रोडवेज के बेड़े में कल पहली जनवरी को 100 नई बसें शामिल की गई हैं। इन बसों से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा। वहीं चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के तीनों डिपो को अभी 30 बसों की और जरूरत है।
मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल ने बताया कि 6 नई बसों को मिलाकर टनकपुर मंडल के तीनों डिपो के पास कुल 196 बसें हो गई है। इसके अलावा 24 अनुबंधित बसें और हैं। मगर रोडवेज के पास 15% बसें मानक पूरा कर चुकी हैं या खराब हाल में हैं।

राज्य आंदोलनकारी मंदीप सिंह ढेक का कहना है कि जिले के सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार की जरूरत हैं। टनकपुर में 234 करोड़ रुपये से ISBT बन रहा है। इतने विशालकाय बस टर्मिनल के अनुरूप बस बेड़े को भी बढ़ाया जाना जरूरी है। टनकपुर मंडल के मौजूदा 196 बस बेड़े को बढ़ाकर 400 किया जाना चाहिए। ताकि दोनों पहाड़ी जिलों के महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाजनक आवाजाही की व्यवस्था हो सके।

© 2026. All Rights Reserved.