31 दिसंबर से लोहाघाट में धरना दे रहे थे BDC सदस्य
लोहाघाट के कई BDC सदस्यों ने विकास कार्यों की राशि बांटने में लापरवाही और अनियमितता का लगाया था आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने चतुर्थ राज्य वित्त, 15वें वित्त आयोग, केंद्र वित्त और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के वितरण में अनियमितताओं और स्वीकृत योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप को लेकर 31 दिसंबर से लोहाघाट ब्लॉक परिसर में जारी आज 2 जनवरी को समाप्त हो गया है। DM मनीष कुमार के हस्तक्षेप के बाद धरना खत्म हुआ।



प्रकाश सिंह धामी के नेतृत्व में धरना दे रहे BDC सदस्यों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के लिए मिलने वाली राशि को बांटने में लापरवाही और अनियमितता की जा रही है। क्षेत्र पंचायतों में स्वीकृत योजनाओं के निविदा में खुली प्रतिस्पर्धा के बजाय गुपचुप तरीके से प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है।
धरना दे रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों से DM मनीष कुमार ने धरना स्थल पर जाकर बात की। उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को संजीदगी से सुना। DM ने जन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। विकास कार्यों को पूरी प्रक्रिया व नियमों के साथ कराया जा रहा है।
DM मनीष कुमार ने कहा कि क्षेत्र पंचायत से संबंधित सभी प्रस्ताव ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों व मांगों की व्यवहार्यता एवं उपयोगिता की जांच कर उन्हें आगामी BDC बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत कर नियमानुसार पारित कराया जाए।
इसके साथ ही DM ने BDO को जल्द से जल्द BDC बैठक कर इन प्रस्तावों पर चर्चा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर धरना दे रहे BDC सदस्यों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, BDO कविंद्र रावत, DPRO महेश कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.