Saturday Sep 19, 2026

भारी भीड़ के मद्देनजर मुख्य  मंदिर में 2 घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा

पूर्णागिरि धाम में आज रात 10 बजे बाद से नहीं हो सकेंगे रात में देवी दर्शन

ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर के बीच कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब होने से श्रद्धालु मोबाइल के टॉर्च से उजाला करने को मजबूर

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। नए साल 2026 के पहले दिन आज बृहस्पतिवार को आस्था के धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने घंटों कतार में लगने के बाद मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन किए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में तैनात पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी।

भारी भीड़ के चलते काली मंदिर के पास बैरिकेडिंग लगाई गई थी, जिसे भीड़ कम होने के बाद आज बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे हटा लिया गया था। वहीं ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर के बीच कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब होने से श्रद्धालु मोबाइल के टॉर्च से उजाला करने को मजबूर रहे।  

पूर्णागिरि देवी दर्शन के लिए इंतजार करते श्रद्धालु।

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के चलते मेला शांतिपूर्ण तरीके से निपट गया। मां पूर्णगिरि के धाम में आने वालों का सिलसिला बुधवार दोपहर से ही आना शुरू हो गया था। बूम, ठुलीगाड़, भैरव मंदिर और मुख्य मंदिर में पुलिस कर्मियों के अलावा मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी मुस्तैद थे। मुख्य मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते देवी के दर्शन के लिए दो घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ रहा था। मेले में आने वालों में ज्यादातर श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के थे।

पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि अब 2 जनवरी से श्रद्धालु सिर्फ दिन में ही देवी के दर्शन कर सकेंगे। ये व्यवस्था पूर्णागिरि के 27 फरवरी से शुरू होने वाले मेले से एक दिन पूर्व तक लागू रहेगी।

मुख्य मंदिर में व्यवस्था बनाते मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.