स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत चंपावत में हो रहा निर्माण
पर्यटन एवं ग्राम्य विकास सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने पर्यटन विकास कार्यों का जायजा भी लिया
देवभूमि टुडे (सौजन्य सूचना विभाग)
चंपावत। पर्यटन एवं ग्राम्य विकास सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने आज 27 दिसंबर चंपावत चाय बागान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत चम्पावत में विकसित किए जा रहे चाय पर्यटन सर्किट की प्रगति का जायजा लिया तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान सचिव गर्ब्याल ने चाय बागान क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित पर्यटन अवसंरचना कार्यों के साथ-साथ कॉटेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।




स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत चम्पावत क्षेत्र में चाय पर्यटन सर्किट का विकास किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य चाय बागानों को पर्यटन से जोड़ते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इस परियोजना के अंतर्गत प्रवेश द्वार (एंट्री प्लाजा), चाय अनुभव केंद्र, जंगल ट्रेल्स, कोबल स्ट्रीट, इको स्टेज, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सुविधाएं तथा चाय संग्रहालय/व्याख्या केंद्र का विकास किया जा रहा है।इन सभी कार्यों पर कुल अनुमानित लागत ₹1,989.12 लाख है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की। कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए साहसिक पर्यटन गतिविधियों को विकसित किया जाए, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चम्पावत जैसे विशिष्ट क्षेत्र में चाय बागानों को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी तथा पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और इको-फ्रेंडली पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट, KMVN के EE भुवन नैनवाल के अलावा तमाम अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.