नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा का निरीक्षण
बनबसा में निर्माणाधीन सूखा बंदरगाह का भी किया मुआयना
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। भारत की ओर से नेपाल के लिए बनाई गई 1 किमी 200 मीटर लंबी नहर का आज 26 दिसंबर को नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने नेपाल के अधिकारियों से भी वार्ता की।
टनकपुर बैराज से 1.2 किलोमीटर लंबी नहर निर्माण का कार्य 57 करोड़ की लागत से 2022 में पूरा कर लिया गया था, लेकिन नेपाल की तरफ नहर निर्माण का कार्य पूरा नहीं होने से शारदा बैराज से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। नहर निर्माण के लिए शारदा रेंज में 1643 शीशम, खैर, कंजू आदि प्रजाति के पेड़ों का कटान किया गया। इस नहर के निर्माण के लिए भारत और नेपाल के बीच संधि हुई थी। जिसे पूरा करते हुए भारत ने अपनी तरफ का नहर निर्माण का कार्य पहले ही पूरा कर लिया है। नेपाल की ओर नहर बनने के बाद भारत पानी छोड़ेगा। इससे पूर्व नेपाल के राजदूत ने बनबसा में निर्माणाधीन सूखा बंदरगाह का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर कंचनपुर के CDO (मुख्य जिलाधिकारी) लक्ष्मण ढकाल, पुलिस अधीक्षक खड़क बहादुर खत्री, APF (आर्म्ड पुलिस फोर्स) के पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय अनुसंधान प्रकाश शाह, ब्रह्मदेव थानाध्यक्ष देव सिंह आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.