भाजपा के एक बड़े नेता के नाम की चर्चा पर किया पुतला दहन
दोषियों को सजा की मांग
लोहाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर विरोध जताया। आज 24 दिसंबर को लोहाघाट में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने हत्याकांड में भाजपा के एक बड़े नेता का नाम सामने आने पर उनका पुतला दहन किया।

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने, CBI जांच कराने और दोषियों को फांसी जैसी कड़ी सजा देने की मांग उठाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कालू सिंह चौराहे पर एकत्र कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि BJP सरकार महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह असफल साबित हुई है। कहा कि जब तक अंकिता को पूरा न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश ढेक, आनंद धौनी, नवीन जोशी, लोकेश पांडेय, अजय गोरखा, अशोक सिंह, सचिन माहरा, अनिल कुमार, महेश फर्त्याल, विपिन ढेक, हरीश राय, सोनू भट्ट, सोनम सिंह बोहरा, अजय सिंह अधिकारी सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।ऋषिकेश में अंकिता रिसेप्शनिस्ट थी। 18 सितंबर 2022 को गायब होने के बाद 24 सितंबर को उसका शव चीला नहर से मिला था। कोटद्वार कोर्ट ने 30 मई 2025 को मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कांग्रेस का आरोप है कि SIT जांच अधूरी है और असली दोषियों को बचाने के लिए साक्ष्य मिटाए गए हैं।
© 2026. All Rights Reserved.