बुधवार रात से ही पहुंचने लगे थे श्रद्धालु, पहली नवरात्र की सुबह मंदिर में लगी कतार, काली मंदिर से लेकर मुख्य मंदिर तक बैरिकेडिंग से भीड़ नियंत्रित
मेला मजिस्ट्रेट, मेला अधिकारी, ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के साथ खुद भी लाइन में लग कर देवी दर्शन किए
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। आज पहली नवरात्रि को मां पूर्णागिरी धाम में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। मुख्य मंदिर में दर्शन के लिए तड़के से ही लंबी लाइन लग गई। भारी भीड़ के चलते सीढ़ियों से मुख्य मंदिर तक करीब 500 मीटर के फासले को तय कर देवी दर्शन करने में 2 घंटे से अधिक का समय लगा। यात्रा मार्ग भी दिनभर मां के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि अब तक 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। नेपाल के ब्रहमदेव स्थित सिद्धबाबा मंदिर में भी हुजुम उमड़ा।
बुधवार रात से ही श्रद्धालु टनकपुर पहुंचने लगे थे। अधिकांश श्रद्धालु रात में ही पैदल पूर्णागरी के लिए रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को पहले नवरात्र पर सुबह 4 बजे से ही शारदा घाट में पवित्र स्नान के बाद पूर्णागिरी धाम जाने का सिलसिला शुरू हो गया। दर्शन करने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए पुलिस ने काली मंदिर से लेकर मुख्य मंदिर तक बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए। भीड़ इतनी अधिक थी कि पार्किंग स्थल भी वाहनों से ठसाठस भरे रहे। बदायू, बरेली, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत सहित उत्तर प्रदेश व कई अन्य राज्यों के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु देवी दरबार में पहुंचे।
मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी लगातार व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए रहे। मेला मजिस्ट्रेट, मेलाधिकारी कमलेश बिष्ट, ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने खुद भी लाइन में लग कर देवी दर्शन किए। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, रैनबसेरे, पेयजल, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई है। उचौलीगोठ, गैडाखाली और रामलीला मैदान में बनाया गया पार्किंग स्थल भर जाने के बाद नायकगोठ पैराग्लाइडिंग सेंटर मैदान में वाहनों की पार्किंग कराई गई।





बैराज मार्ग पर जाम की स्थिति, जगह-जगह फैली गंदगी:
बैराज मार्ग पर बने पार्किंग स्थल पर भी वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिली। श्रद्धालुओं को मजबूरन सड़क किनारे और नगर पालिका के अस्थाई ट्रंचिग ग्राउंड में वाहन खड़े किए। जगह-जगह वाहन खड़े होने से कई बार जाम की नौबत आई। पार्किंग स्थल के आसपास लोगों की ओर से लगाई गई अस्थाई दुकानों व ठेलों के कारण भी श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग में दिक्कत आई।
कई बार दुकानदारों और श्रद्धालुओं के बीच नोकझोंक की नौबत भी आ गई। उधर ठुलीगाड़ भैरव मंदिर में पार्किंग फुल होने पर चूका मार्ग में वाहनों की एक किमी से अधिक की लंबी लाइन लग गई। साफ-सफाई की व्यवस्था भी चरमरा गई। सिद्धमोड़ से लेकर मुख्य मंदिर तक कई जगह कूड़ा बिखरा रहा।
मोबाइल शौचालयों में पानी न होने से उठानी पड़ी दिक्कत:
नायकगोठ पार्किंग स्थल पर लगे दो मोबाइल शौचालयों में पानी नहीं होने से श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोनों शौचालयों की टंकियां फटी होने से पानी बेकार बह गया। श्रद्धालुओं को मजबूरन खुले में शौच करना पड़ा। तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने कहा कि मेले में तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। कुछ जगह अव्यवस्थाएं होने की शिकायत मिली है। जिन्हें ठीक कराया जा रहा है।
© 2026. All Rights Reserved.