मायावती आश्रम में लगाया ध्यान
गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद टनकपुर की ओर रवाना
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने 36वीं वाहिनी ITBP के जवानों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में जवानों ने अपने अनुभवों, चुनौतियों तथा कर्तव्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। न्यायमूर्ति सिंह ने देश की सीमाओं की रक्षा में ITBP जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जवानों का अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा राष्ट्र की सुरक्षा की मजबूत नींव है। कठिन परिस्थितियों में भी देशसेवा का भाव उन्हें विशिष्ट बनाता है, जिससे उनका मनोबल और मजबूत होता है।






कार्यक्रम में कानून, मानवाधिकार, कार्यस्थल पर अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य तथा व्यक्तिगत जीवन में संतुलन जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। जवानों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के उत्तर में वक्ताओं ने उन्हें सकारात्मक सोच, संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यपरायणता के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श हुआ तथा उन्हें सम्मानित किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर, पाटन पाटनी, लोहाघाट के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसके लिए उन्हें ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।
बाद में न्यायमूर्ति अद्वैत आश्रम मायावती पहुंचे, जहां उन्होंने ध्यान योग किया। चंपावत गोल्ज्यू मंदिर में दर्शन करने के बाद वे टनकपुर की ओर रवाना हुए। इस अवसर पर उच्च न्यायालय नैनीताल के न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के सचिव भवदीप राउते, जिला शासकीय अधिवक्ता, भास्कर मुरारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उम्मेद सिंह, सूबे सिंह, मुकेश चंद, गौरव कुमार मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.