उत्तराखंड वीरभूमि : हर परिवार में दो योद्धा — सैनिक और संघर्षशील नारी
अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जानकारी भी जरूरी
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने टनकपुर जनसेवा शिविर में शिरकत की, स्टॉलों का निरीक्षण भी किया
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश एन कोटिश्वर सिंह ने संविधान की प्रस्तावना (Preamble) का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल्य तभी सार्थक होंगे, जब समाज का हर वर्ग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होगा। जनहित के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मिलना चाहिए। न्याय से कोई वंचित न रहे और किसी के साथ भेदभाव न हो, इसका ध्यान रखना लोकतंत्र की अनिवार्य शर्त है। टनकपुर के गांधी मैदान में आज 21 दिसंबर को आयोजित जनसेवा शिविर में उन्होंने कहा कि इस दिशा में सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। विधिक सेवा प्राधिकरण भी इस दिशा में कार्य कर रहा है।
समाज के वंचित, पिछड़े, जनजातीय वर्ग, पूर्व सैनिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को उनके संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है, जहां लगभग हर परिवार में दो योद्धा होते हैं—एक सीमा पर देश की रक्षा करता हुआ सैनिक और दूसरा घर में संघर्षों का सामना करती महिला। सैनिकों के त्याग और बलिदान का कोई मोल नहीं है। शिक्षा, विधिक जागरूकता एवं सामाजिक संरक्षण के माध्यम से सभी को मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने लोक अदालत, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं ‘न्याय मित्र ऐप’ के माध्यम से आमजन को घर बैठे न्यायिक सेवाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने कहा कि विधिक सेवा संस्थाओं का लक्ष्य न्याय को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अनुज कुमार संगल ने स्वागत संबोधन किया।


पूर्व सैनिकों की ओर से सेवानिवृत्त कर्नल उमेद सिंह एवं कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने राष्ट्र सेवा में सैनिकों के योगदान पर प्रकाश डाला। जनजातीय समुदाय की ओर से पास्टोरल यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद इशाक ने जनजातीय समाज की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतिभागियों एवं लाभार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने विभिन्न स्टॉलों में प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार से जुड़े कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर के प्रभारी जिला न्यायाधीश आशुतोष मिश्रा, ऊधमसिंह नगर DLSA के सचिव योगेंद्र कुमार सागर, चंपावत DLSA के सचिव भवदीप रावते सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
शिविर में 3636 लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
टनकपुर। शिविर में 30 से अधिक विभागों ने एक ही छत के नीचे सेवाएं उपलब्ध कराई। कुल 3636 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का मौके पर ही लाभ मिला। DM मनीष कुमार ने 100 से अधिक आवेदन पत्रों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का संज्ञान लिया। अधिकांश का निस्तारण शिविर में ही किया गया। कार्यक्रम में SP अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।



© 2026. All Rights Reserved.