चंपावत जिले के 3 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का CM पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया
जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ जीवन स्तर में सुधार होगा
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नगरीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में 3 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 18 दिसंबर को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। कहा कि इन पहलों से जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ाया गया है। CM ने जिले की तीनों नगर पालिकाओं की आधुनिक, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता अनुकूल वेबसाइटों का अनावरण, मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्रों का लोकार्पण और टनकपुर उप जिला अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत जिले में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए की गई ये पहल लाभकारी होंगी। अनुपयोगी भवनों में ज्ञान केंद्रों के संचालन से शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, वहीं युवाओं को अपने घर से दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन वेबसाइटों से नगरीय प्रशासन में पारदर्शिता एवं सुचिता को बढ़ावा मिलेगा तथा शासन और नागरिकों के बीच संवाद बेहतर होगा। अब नागरिक घर बैठे ही यूजर चार्ज का भुगतान, विभिन्न ऑनलाइन आवेदन, शिकायत निस्तारण, प्रमाण पत्रों से संबंधित सेवाएं एवं अन्य नगरीय सुविधाओं का लाभ सरल, सुरक्षित एवं त्वरित रूप से प्राप्त कर सकेंगे।
चंपावत नगर पालिका की अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार, लोहाघाट के अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने CM का आभार जताते हुए कहा कि ये योजनाएं जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


CM ज्ञान केंद्रों में शक्ति कक्ष जिला पुस्तकालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटी, सैंदर्क, नौमाना सहित अन्य स्थानों पर संचालित केंद्र शामिल हैं। अनुपयोगी शासकीय भवनों एवं विद्यालय भवनों में स्थापित किए गए ये ज्ञान केंद्र विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक संसाधन, अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा की गुणवत्ता देने में मददगार होगी। इन ज्ञान केंद्रों से जिले के दुर्गम एवं दूरस्थ ग्रामों के छात्र-छात्राओं को उनके ही गांव में पठन-पाठन से संबंधित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
DM मनीष कुमार ने बताया कि भविष्य में जिले के अन्य अनुपयोगी शासकीय भवनों एवं संरचनाओं में भी ऐसे ज्ञान केंद्रों के विस्तार की योजना है। इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों की नौंवी की पूजा भट्ट और मनोज जोशी ने कहा कि इन ज्ञान केंद्रों के जरिए वे अपने गांव में ही स्कूली और प्रतियोगी पढ़ाई कर सकेंगे।
CM ने अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का लोकार्पण भी किया। 13 लाख रुपये की यह मशीन कोटक महिंद्रा बैंक ने CSR मद से उपलब्ध कराई है। डायलिसिस सेवा शुरू होने से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अब इलाज के लिए बाहर की दौड़ नहीं लगानी होगी।
कार्यक्रम का संचालन DM मनीष कुमार ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, BJP जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, कोटक महिंद्रा बैंक के CSR कंसलटेंट शोभित अग्रवाल, टनकपुर उप जिला अस्पताल के CMS डॉ. घनश्याम तिवारी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.