Wednesday Dec 17, 2025

लोगों के शोर मचाने पर भागा गुलदार, तीन खेत नीचे गिरी महिला, इलाज के बाद हालत में हो रहा सुधार

लोहाघाट के ठांटा गांव की घटना

एक माह से कम समय में चंपावत जिले में दो लोगों की जान भी ले चुका है गुलदार

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। चंपावत जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार का खौफ कम नहीं हो रहा है, बल्कि इसमें लगातार इजाफा हो रहा है। ताजा घटनाक्रम में

लोहाघाट के पास के ठांटा गांव में गुलदार ने गोशाला में चारा डालने गई महिला पर हमला कर घायल कर दिया। गुलदार के चंगुल से छुड़ा महिला ने किसी तरह जान बचाई। महिला को तुरंत लोहाघाट अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। खौफजदा ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर

गुलदार को पकडऩे की मांग की है।

ज़ख्मी महिला को लेकर लोहाघाट अस्पताल लाए ग्रामीण। 

ठांटा ग्राम पंचायत की एक बस्ती में 13 दिसंबर की रात रेनू देवी (32) पत्नी दीपक राम गोशाला में पशुओं को चारा डालने थीं। इस दौरान घात लगाए गुलदार ने एकाएक महिला पर हमला कर आंगन से तीन खेत नीचे फेंंक दिया। महिला की कराह को सुन परिजन और आसपड़ोस के लोगों ने शोर मचाया। शोरगुल सुनकर गुलदार महिला को छोड़कर भाग गया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। परिजनों ने उन्हें उप जिला अस्पताल लोहाघाट में भर्ती कराया, जहां अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि घायल महिला को लोहाघाट उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रही है। जल्द गांव में पिंजरा लगाया जाएगा।

भाजपा नेता और क्षेत्र के जन प्रतिनिधि मोहित पाठक का कहना है कि घटना से क्षेत्र में खौफ है। ग्रामीण शंकर राम, भवान राम, प्रकाश राम, भवानी दत्त, महेश चंद्र, पीतांबर, योग दत्त आदि ने वन विभाग और जिला प्रशासन से क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने तथा वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग की है। इंसानों पर हमलावर हो चुका गुलदार किसी भी वक्त बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।

लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक के गांवों में अक्टूबर से गुलदार की दहशत है। एक माह से भी कम समय में गुलदार दो (11 नवंबर को मंगोली में भुवन राम और 9 दिसंबर को च्यूरानी के धरगड़ा में पीटीसी देव सिंह अधिकारी) लोगों की जान ले चुका है। कई लोगों को जख्मी कर चुका है। इसके अलावा 15 से अधिक मवेशियों को भी निवाला बना चुका है। कई गांवों में दिनदहाड़े गुलदार दिखाई दे रहा है। वन विभाग अब तक दो गुलदारों को पिंजरे में कैद कर चुका है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2025. All Rights Reserved.