Friday Dec 12, 2025

9 दिसंबर को बाराकोट के धरगड़ा के एक PTC को गुलदार ने मौत के घाट उतारा था

पिंजरे के अंदर रखे कुत्ते को नोचकर खाने के बाद बाहर निकल गया गुलदार

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। जानलेवा गुलदार के खौफ ने बाराकोट क्षेत्र  के 5 स्कूलों को बंद करा दिया। शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय च्यूरानी, पुनई, मिरतोली, उच्च प्राथमिक विद्यालय च्यूरानी व पूर्व माध्यमिक विद्यालय च्यूरानी में बच्चों को एक दिन का अवकाश दे दिया। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने बताया कि गुलदार के भय से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे हैं।

9 दिसंबर की सुबह बाराकोट के च्यूरानी के धरगड़ा के PTC 44 वर्षीय देव सिंह अधिकारी को गुलदार ने घर के पास ही मौत के घाट उतार दिया था। वहीं च्यूरानी के धरगड़ा तोक में लगाए गए पिंजरे में फंसने के बजाए गुलदार अंदर रखे कुत्ते को मारकर खा गया। सूचना के बाद बुधवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो पिंजरे के अंदर कुत्ते का सिर मिला। गुलदार धड़ को पूरा चट कर गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पिंजरे का फाटक न लगने के कारण गुलदार कैद नहीं हो पाया। पिंजरे को नए सिरे से लगा दिया गया है।

च्यूरानी के धरगड़ा तोक में लगा पिंजरा।

इधर धरगड़ा तोक में लगे पिंजरे में गुलदार के कैद नहीं होने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के कारण पिंजरे के अंदर घुसा गुलदार कुत्ते को मारकर सुरक्षित बाहर निकल गया। कहा कि या तो पिंजरा खराब है या फिर उसे लापरवाही से लगाया गया है। 

ग्रामीणों ने विभाग पर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। आज 10 दिसंबर को जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में लोगों ने जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गुलदार को पकड़ा या मारा नहीं गया, तो जनता आंदोलन करेगी। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र में एक नहीं, कई गुलदार घूम रहे हैं। इनमें से कई के मुंह में इंसानों का खून लग चुका है।

ग्रामीणों ने च्यूरानी में कल 9 दिसंबर को देव सिंह अधिकारी को मौत के घाट उतारने वाले गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। ओखलंज, मिरतोली, च्यूरानी, जमरेडी, मौकोट आदि गांवों में लगातार गुलदार नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में उमेश चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, अशोक जोशी, विनोद जोशी, धन सिंह अधिकारी, गोविंद लाल वर्मा, शुभम नाथ, भोला प्रसाद, राजेश जोशी, नमन जोशी, पप्पू अधिकारी, शंकर जोशी, योगेश लाल वर्मा, दीपक जोशी, बबलू नाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2025. All Rights Reserved.