चंपावत जिले में 29 दिन में तेंदुए के हमले में दूसरी मौत
काली कुमाऊं रेंज के च्यूरानी में शौच को जंगल गए देव सिंह अधिकारी को तेंदुए ने हमला कर मार डाला
11 नवंबर को लोहाघाट रेंज के मंगोली में एक ग्रामीण की तेंदुए के हमले में हो चुकी थी मौत
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। चंपावत जिले के जंगलों के आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए का टेरर है। सिर्फ 29 दिन में तेंदुए ने दो लोगों की जान ले ली है। आज 9 दिसंबर की सुबह शौच को गए जल संस्थान के PTC (पार्ट टाइम चौकीदार) देव सिंह अधिकारी को मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र में दहशत का आलम है।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 9 दिसंबर की सुबह करीब 5.30 बजे काली कुमाऊं रेंज के च्यूरानी गांव के धरगड़ा तोक में जल संस्थान के PTC देव सिंह अधिकारी (42) पुत्र कल्याण सिंह अधिकारी शौच के लिए घर से बाहर गए थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर देव सिंह की तलाश ली गई। परिजन और ग्रामीणों को देव सिंह का शव घर से कुछ दूरी पर जंगल में मिला। तेंदुए ने शव के एक हिस्से को आधा खा लिया। इस घटना से परिवार सदमे में है।

जानकारी लगने पर चंपावत के एसडीएम अनुराग आर्य, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, वन, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल के नजदीक ओखलंज के अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। इस वारदात से पूर्व 11 नवंबर को लोहाघाट रेंज के अंतर्गत मंगोली गांव में तेंदुए ने भुवन राम (45) को मौत के घाट उतार दिया था। एक के बाद एक हो रही वारदात से इन क्षेत्रों में खौफ है। ग्रामीणों ने तेंदुए से बचाव के लिए गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने सहित सभी उपाय करने की मांग की है।
ये सावधानियां बरतें:
ग्रामीण अकेले घास या लकड़ी के लिए जंगल न जाएं।
महिलाएं घास आदि के लिए झुंड में ही जाएं।
शाम के बाद घरों से बाहर न जाएं, अगर जरूरत हो तो समूह में जाएं।
जंगल में बच्चों को बिल्कुल भी न ले जाएं।


© 2025. All Rights Reserved.