जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के मुताबिक दिल्ली तक हवाई जहाज और दिल्ली से गांव तक एंबुलेंस से लाया जाएगा शव
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने जताया शोक
गोवा के नाइट क्लब में रसोई में काम करने वाले बाराकोट के नेत्रसलान गांव का मनीष सिंह महर भी हुआ अग्नि कांड का शिकार
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। गोवा के नाइट क्लब में 6-7 दिसंबर की रात आग लगने की घटना में अब तक 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हादसे में जान गंवाने वाले चंपावत जिले के मनीष सिंह महर का शव आज 8 दिसंबर की शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है। वहीं लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने मनीष की मौत पर संवेदना व्यक्ति की है। उन्होंने मृतकाश्रित परिजनों को उचित मुआवजा देने और घटना की जांच का आग्रह किया है।

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में बाराकोट ब्लॉक के नेत्र सलान गांव के मनीष सिंह महर (22) पुत्र कृष्ण सिंह महर की मौत हुई थी। घटना की जानकारी के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। मनीष का भाई मुकेश शव लेने के लिए गोवा के लिए निकल गए थे। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने कल रविवार को प्रशासन और सरकार के प्रतिनिधियों से संवाद कर मदद का आग्रह किया था। उत्तराखंड सरकार ने गोवा सरकार से वार्ता कर उत्तराखंड के पांचों (चंपावत जिले के मनीष सिंह महर के अलावा जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी, सतीश सिंह और सुरेंद्र सिंह) मृतकों के शवों को उनके गांवों तक पहुंचाने की व्यवस्था की है।
जिला पंचायत सदस्य जोशी ने बताया कि गोवा से दिल्ली तक हवाई जहाज से और दिल्ली से एंबुलेंस से शव को आज सोमवार की शाम तक नेत्र सलान पहुंचाया जाएगा। हादसे में मृत मनीष के परिजनों को 7 लाख रुपए (5 लाख गोवा आपदा प्रबंधन कोष एवं 2 लाख PM राहत कोष से) का मुआवजा दिया जाएगा। मनीष सिंह महर कुछ समय पूर्व गोवा काम करने गया था। जिस नाइट क्लब में अग्निकांड हुआ, मनीष वहां रसोई में काम करता था। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
© 2025. All Rights Reserved.