चंपावत जिले में शीतलहर से बचाव की तैयारी
रैनबसेरा सहित सभी व्यवस्थाओं की तैयारी चाक-चौबंद रखने की हिदायत .
देवभूमि टुडे
चंपावत। शीत काल में सड़कों पर पाला जमने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पालाग्रस्त क्षेत्रों में संबंधित विभागों को चूने के छिड़काव, चेतावनी बोर्ड लगाने सहित सभी जरूरी उपाय करने को कहा गया है।
शीत लहर की स्थितियों के मद्देनजर DM मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में शीत लहर से निपटने के उपाय पर मंथन किया गया। जन-जीवन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विभागों को अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
DM ने निकायों, राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य और अन्य सम्बंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों को रात में अलाव की व्यवस्था, सामुदायिक स्थलों, बस स्टैंड एवं अस्पताल परिसरों में विशेष निगरानी रखने, बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों के लिए रैनबसेरा में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर निकायों के जरिए रैनबसेरा में बिस्तर, कंबल, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सभी SDM को निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और किसी भी तकनीकी खराबी पर तुरंत मरम्मत कार्य करने के उपाय करने को कहा गया।
बैठक में CDO डॉ. जीएस खाती, CMO डॉ. देवेश चौहान, CVO डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, SDM अनुराग आर्य, DDMO देवेंद्र सिंह पटवाल, EO भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न सड़क निर्माण एजेंसियों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा नगर निकायों एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
© 2025. All Rights Reserved.