3 युद्धों में वीरता दिखाने वाले 88 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
राज्य आंदोलनकारी भूपेंद्र सिंह देव के पिता कैप्टन देव के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। तीन युद्धों में वीरता दिखाने वाले कैप्टन (सेवानिवृत्त) प्रहलाद सिंह देव नहीं रहे। आज 15 नवंबर को 88 साल की उम्र में उनका निधन
हो गया। वे प्रमुख उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी और कर्मचारी नेता भूपेंद्र सिंह देव के पिता भी थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार रामेश्वर घाट में किया गया। नम नेत्रों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

32 साल तक देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले कैप्टन प्रहलाद सिंह देव अब हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने 3 युद्धों में वीरता का परिचय दिया।1962 में चीन के साथ हुए युद्ध में दिलेरी से मोर्चा संभाला था। और उसके बाद 1965 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में बहादुरी दिखाई। 1971 में पाकिस्तान के साथ हुई जंग में भी उन्होंने दुश्मनों से लोहा लिया। उन्होंने 6 कुमाऊं रेजीमेंट में कमांडो इंस्पेक्टर रहकर भारत के लिए बड़ी संख्या में कमांडो तैयार किए। कैप्टन देव का निधन क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। निधन पर विभिन्न कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के अलावा विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, डॉ. महेश ढेक सहित तमाम लोगों ने शोक जताया है।
© 2025. All Rights Reserved.