बाघ के हमले में युवक की मौत…रामनगर क्षेत्र का वाकया

पड़ोस की शादी समारोह के लिए साथियों के साथ जंगल से लकड़ी बीनने गया था विनोद कुमार
ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को पकड़ने की मांग की
देवभूमि टुडे
नैनीताल/रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज के उत्तरी आमपानी बीट में बाघ के हमले में लकड़ी बीनने गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस वारदात से परिवार में कोहराम मच गया। सन्न क्षेत्र के लोग इस वाकये से दहशत में हैं।
कामदेवपुर सक्कनपुर निवासी विनोद कुमार (35) पुत्र जबर सिंह पड़ोस की शादी समारोह में गया था। सोमवार सुबह विनोद अपने भाई राकेश और अन्य साथियों ओमवीर, सुखवीर, बबलू, सत्यवान और सोनू के साथ शादी समारोह में जरूरत के लिए लकड़ी बीनने गया था। सभी लोग आमपानी बीट के जंगल में जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बाघ ने सबसे पीछे चल रहे विनोद पर हमला कर दिया। बाघ युवक को अपने जबड़े में दबाकर जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले गया। साथ गए लोग शोर मचाते हुए बाघ के पीछे दौड़े। लोगों को पीछे आता देख बाघ विनोद को घायल कर छोड़ गया। बुरी तरह घायल विनोद को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूरी से जीवनयापन करने वाला मृतक विनोद तीन भाई बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था। मृतक के कंधे व गले में बाघ के जबड़े के गंभीर निशान मिले हैं। युवक की मौत से पीरूमदारा के ग्रामीणों में गम और गुस्सा है। उन्होंने वन विभाग से बाघ को पकड़ने की मांग की है। मांग पूरी नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
वहीं तराई पश्चिमी वन प्रभाग के उप खंड अभियंता मनीष जोशी ने आमपानी बीट में बाघ के हमले में युवक की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल के आसपास वन कर्मियों की गश्तबढ़ा दी गई है। कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद बाघ को ट्रैंक्यूलाइज करने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल के आसपास नहीं जाने को कहा गया है।

प्रतीकात्मक फोटो।
error: Content is protected !!