Tuesday Aug 25, 2026

शुभ मुर्हूत पर मां की अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नत

चंपावत के अलावा पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल जिलों से भी पहुंचे श्रद्धालु

देवभूमि टुडे

चंपावत/देवीधुरा। मां वाराही धाम देवीधुरा में बगवाल मेले के दूसरे दिन आज 24 अगस्त को विराट पूजन हुआ। चंपावत, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां वाराही के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जारी रही। बगवाल 28 अगस्त को होगी।

 

श्रावण शुक्ल पक्ष की द्वादशी के शुभ मुर्हूत के चलते मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह मां वाराही संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के वेदपाठी छात्रों ने वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ पूजन की शुरुआत की। विभिन्न क्षेत्रों से ढोल नगाड़ों के साथ जत्थों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी मां वाराही की पूजा अर्चना की। पीठाचार्य कीर्ति बल्लभ शास्त्री और भुवन चंद्र जोशी ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। मुख्य पुजारी महेश पुजारी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। विराट पूजन में गहड़वाल खाम के त्रिलोक सिंह बिष्ट, चम्याल खाम के गंगा सिंह चम्याल, बालिक खाम के बद्री सिंह बिष्ट, लमगड़िया खाम के प्रमुख वीरेंद्र लमगडिय़ा, सहित सिरगुरौ कोट, भैंसर्ख, टकना और फुलारा कोट के चौहान लोगों ने परंपरानुसार भाग लिया।

पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने खोलीखाड़-दूबाचौड़ मैदान में लोकगीतों पर आधारित झोड़े और झुमटों का गायन किया। इससे मेले का माहौल भक्तिमय होने के साथ ही सांस्कृतिक रंग में भी रंग गया। मेला समिति संयोजक मोहन सिंह बिष्ट ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कार्यक्रम में मंदिर समिति के खीम सिंह लमगड़िया, रमेश सिंह राणा, हयात सिंह, ईश्वर सिंह, राजेश सिंह, नवीन सिंह, नरेश सिंह, मोहन सिंह और प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

वॉलीबॉल का उद्घाटन मैच जीआईसी गरसाड़ी ने जीता:

देवीधुरा मेले के दौरान चल बैजंती वालीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ .प्रतियोगिता संयोजक मोहन सिंह बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जीआईसी गरसड़ी और ढोलीगांव के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गरसाड़ी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ढोली गांव की टीम को लगातार दो सेटों में 15-11 और 15-8 से पराजित किया। रेफरी की भूमिका महेश नाथ गोस्वामी ने निभाई। जबकि शकुंतला बोहरा ने स्कोरर  की भूमिका निभाई। नरेंद्र नाथ गोस्वामी, ठाकुर सिंह बिष्ट और खुशाल सिंह मेहता ने आंखों देखा हाल सुनाया। इस दौरान अवसर पर रज्जन सिंह, मनोज नाथ महंत, ईश्वर सिंह बिष्ट, विपिन चंद्र जोशी और लक्ष्मी दत्त जोशी समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.