तल्लापाल विलौन संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी का 9 नवंबर तक शाखा नहीं खुलने पर आत्मदाह का अल्टीमेटम
टनकपुर के एसडीएम को ज्ञापन सौंप 2 अक्टूबर से बेमियादी आंदोलन का ऐलान
देवभूूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। लंबे समय से बैंक की शाखा खुलवाने की मांग की अनदेखी से आहत क्षेत्र के लोग अब फिर से आंदोलन का अल्टीमेटम दे रहे हैं। यहां तक कि क्षेत्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस 9 नवंबर तक बैंक की शाखा नहीं खुलने पर अनशन से लेकर आत्मदाह तक की चेतावनी दे डाली है। इससे पूर्व क्षेत्र के लोग गांधी जयंती से सूखीढांग में अनिश्चितकालीन अनशन करेंगे।
तल्लापाल विलौन क्षेत्र की धूरी सूखीढांग में पीडीसीबी (पिथौरागढ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड) की शाखा नहीं खुलने से ग्रामीणों में गुस्सा है। तल्लापाल विलौन संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी ने राज्य के स्थापना दिवस तक बैंक की शाखा नहीं खुलने पर क्रमिक अनशन, आमरण अनशन से लेकर आत्मदाह तक की चेतावनी दे डाली है। इस संबंध में उन्होंने 22 सितंबर को टनकपुर के एसडीएम को ज्ञापन दिया है।


पंडित जोशी का कहना है कि सूखीढांग सिर्फ 7 स्वतत्रंता संग्राम सेनानियों का क्षेत्र ही नहीं है, बल्कि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित न्याय पंचायत बमनजौल की 12 ग्राम पंचायतों का केंद्रबिंदु भी है। इस क्षेत्र में बैंक की शाखा खोलने की एक दशक से मांग की जा रही है। कई बार आश्वासन से लेकर सर्वे तक हुए, लेकिन बैंक की शाखा नहीं खुली। इससे क्षेत्र की 15 हजार की आबादी बैंक के कामकाज को लेकर परेशान रहती है। पंडित जोशी ने 9 नवंबर तक शाखा नहीं खुलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
फिर से होगा पीडीसीबी का सर्वे:
चंपावत जिले में 22 बैंकों की कुल 77 शाखाएं हैं। इनमें से पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की 10 शाखाएं चंपावत जिले में हैं। 3 साल पहले दुबचौड़ा में पीडीसीबी की शाखा खुली थी। लीड बैंक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक डीसीबी की सूखीढांग में शाखा खोलने के लिए पूर्व में सर्वे हुआ था। पीडीसीबी प्रबंधन अब फिर से सर्वे कराएगा।
© 2026. All Rights Reserved.