Wednesday Jul 15, 2026

टनकपुर राजकीय महाविद्यालय की घटना

मौके पर मौजूद पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कोहली के प्रयास को विफल कर दिया

चस्पा पोस्टर को महाविद्यालय प्रशासन द्वारा हटाने से नाराज छात्र नेता ने किया था आत्मदाह का प्रयास

माफीनामा देने और कॉलेज प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं करने की अनुशंसा पर पुलिस ने अध्यक्ष सहित चारों छात्र नेताओं को रिहा किया

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष ने पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने छात्र नेता के आत्मदाह के प्रयास को विफल कर दिया। जिससे बड़ी अनहोनी बच गई। इस वाकये से महाविद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत छात्रसंघ अध्यक्ष सहित चार नेताओं का चालान काट दिया। पुलिस ने छात्र नेता को हिरासत में लेने के बाद माफीनामा देने और प्राचार्या द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने की अनुशंसा के बाद रिहा कर दिया।

छात्रसंघ अध्यक्ष को आत्मदाह से रोकती पुलिस।

जानकारी के मुताबिक कल सोमवार की रात एनएसयूआई नेता और छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कोहली ने समर्थकों के साथ महाविद्यालय परिसर में आगामी छात्रसंघ चुनाव से संबंधित एनएसयूआई से जुड़े पोस्टर चस्पा कर दिए। सुबह कालेज खुुलने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने पोस्टरों को हटवा दिया। पोस्टर हटाने पर छात्रसंघ अध्यक्ष भड़क गए और उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को हटाए गए पोस्टरों को फिर से न लगवाने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।

माहौल बिगड़ता देख महाविद्यालय प्रशासन ने मौके पर पुलिस बुला ली। मध्यान्ह 12 बजे छात्रसंघ अध्यक्ष अपने कुछ समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे और एकाएक स्वयं पर पेट्रोल छिड़क लिया। पहले से ही मुस्तैद पुलिस ने अप्रिय घटना होने से पहले ही छात्रसंघ अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया। आत्मदाह का प्रयास करने के आरोपित छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कोहली, ध्यान बोहरा, दीपक बेलवाल, खीम सिंह रावत को पुलिस कोतवाली ले आई।

चारों ने माफीमाना देकर भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। चारों के माफीनामे के बाद प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने की अनुशंसा की। जिसके बाद चारों छात्र नेताओं को छोड़ दिया गया। अलबत्ता पुलिस एक्ट की धारा 81 के अंतर्गत चाालान किया गया।

क्या कहती हैं प्रधानाचार्या:

छात्रसंघ चुनाव का कोई कार्यक्रम अभी नहीं आया है। ऐसे में अभी से महाविद्यालय परिसर में प्रचार सामग्री लगाना नियम खिलाफ है। महाविद्यालय प्रशासन ने परिसर में लगाए पोस्टर हटा दिए। जिससे छात्रसंघ अध्यक्ष और उसके समर्थकों ने महाविद्यालय का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। जो भी घटना हुई वह निंदनीय है। इससे महाविद्यालय की छवि खराब हुई है।

डॉ. अनुपमा तिवारी,

प्राचार्या, राजकीय महाविद्यालय टनकपुर।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.