मुकदमा वापस नहीं होने पर 30 मार्च से आंदोलन करने की सीमांत पत्रकार संगठन की चेतावनी
खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को गलत और पत्रकारिता पर सीधा हमला बताया
26 मार्च को चकरपुर में गैस सिलिंडर की जमीनी वस्तुस्थिति की कवरेज की गई थी
देवभूमि टुडे
चंपावत/ टनकपुर। गैस सिलिंडर की कवरेज करने वाले खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई से पत्रकारों में गहरी नाराजगी है। विरोध में कल 28 मार्च को चंपावत जिले के 3 स्थानों पर विरोध जताया गया। वहीं टनकपुर में सीमांत पत्रकार संगठन ने मुकदमा वापस नहीं होने पर 30 मार्च से आंदोलन करने ही चेतावनी दी है।
संगठन के अध्यक्ष बाबूलाल यादव की अध्यक्षता और महासचिव दिनेश खर्कवाल के संचालन में कल शनिवार को हुई बैठक में भाजपा नेता की तहरीर और पुलिस कार्रवाई की तीखी निंदा कर आंदोलन का ऐलान किया गया है। कहा कि चकरपुर में गैस सिलिंडर की जमीनी वस्तुस्थिति बताने पर भाजपा के नेता की तहरीर पर दर्ज मुकदमा पत्रकार उत्पीड़न के साथ ही वास्तविता से मुंह मोड़ना है। मुकदमा वापस लेने के साथ ही मुकदमा दर्ज करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर 30 मार्च से आंदोलन की चेतावनी दी गई है। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष भुवन पाटनी, सचिव विनय शुक्ला, कोषाध्यक्ष मयंक पंत, मीडिया समन्वय विनोद पाल, देवेंद्र यादव सहित कई पत्रकार मौजूद थे।
ये था मामला:
26 मार्च की गैस सिलिंडर आपूर्ति से संबंधित चकरपुर में की गई कवरेज को सरकार की छवि धूमिल करने और भ्रामक खबर चलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता कमलदीप सिंह राणा ने कोतवाली में तहरीर दी थी। जिस पर 27 मार्च को कोतवाली में पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (1) (बी) मुकदमा दर्ज किया गया था।
© 2026. All Rights Reserved.