खेतीखान गोशनी में बहुउद्देशीय भवन निर्माण का मिला आश्वासन
बहुउद्देशीय भवन व स्मृतिस्थल के लिए जारी 20 लाख की धन राशि अन्यत्र स्थानांतरित होने से नाराज थे ग्रामीण
देवभूमि टुडे
चंपावत/खेतीखान। खेतीखान के इंदिरा पार्क का धरना-प्रदर्शन नौवें दिन समाप्त हो गया। आज 25 जुलाई को भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र पांडेय, मोहित पाठक, दर्जा मंत्री सुभाष बगौली एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद DM मनीष कुमार के मौखिक आश्वासन और जन प्रतिनिधियों के आश्वासनों के बाद धरना स्थगित किया गया।
इन नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली गोशनी में बहुउद्देशीय भवन के निर्माण के लिए पर्यटन विभाग से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आश्वासन मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने अपने वित्तीय मद से ₹10 लाख की राशि तत्काल देने की घोषणा की। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।







खेतीखान में बनने वाले स्मृति स्थल के लिए 2024-25 में स्वीकृत 20 लाख रुपए बिना किसी सूचना के अन्यत्र स्थानांतरित होने के विरोध में 17 जून से धरना शुरू किया गया था। इसे सेनानियों का अपमान बताते हुए ग्राम सभा गोशनी ओलीगांव में स्वीकृत बहुउद्देशीय भवन व स्मृति स्थल की स्वीकृत राशि वापस करने की आवाज उठाई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा, सेनानी परिवार के राजेश ओली, सुरेंद्र बोहरा, ललित देउपा, केशव ओली, चंद्रबल्लभ ओली, चिरंजी लाल वर्मा आदि मौजूद थे।
इस आंदोलन का नेतृत्व करने वाले जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि जनभावनाओं, गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान का संघर्ष था। इस आंदोलन की सफलता में क्षेत्र के लोग, मातृशक्ति, युवाओं, बुजुर्गों की एकजुटता की भूमिका रही।
© 2026. All Rights Reserved.