Monday May 25, 2026

चंपावत जिले के बाराकोट विकासखंड में नहीं है एक्सरे परीक्षण की सुविधा

तकलीफ के अलावा समय और धन भी हो रहा खर्च

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। चंपावत जिले का अकेला विकासखंड है बाराकोट, जहां एक्सरे परीक्षण जैसी मामूली सुविधा नहीं है। यहां के लोगों को इसके लिए लोहाघाट की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग किए जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।

चंपावत में इस वक्त चंपावत जिला अस्पताल, दोनों उप जिला अस्पताल और पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे परीक्षण की सुविधा है। इसके अलावा रीठा साहिब में एक्सरे मशीन इंस्टॉल की जा चुकी है। रीठा साहिब में एक हफ्ते के भीतर यह सुविधा मिलने की बात कही गई है। चार विकासखंड वाले चंपावत जिले में सेनानी बहुल बाराकोट ही अकेला विकासखंड है, जहां किसी भी अस्पताल में एक्सरे की सुविधा नहीं है।

बाराकोट क्षेत्र टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट और पिथौरागढ़ के बीच में है, लेकिन बावजूद इसके यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं के बुरे हाल हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद इलाज के हाल फर्स्ट-एड से बेहतर नहीं है। यहां तक कि आज के दौर में बेहद मामूली माने जाने वाली एक्सरे तक की सुविधा 40 हजार से अधिक आबादी वाले बाराकोट क्षेत्र मेंं नहीं है। एक्सरे परीक्षण के लिए यहां के लोग लोहाघाट की दौड़ लगाने को मजबूर हैं। इसके लिए आने-जाने में न केवल समय बर्बाद होता है, बल्कि किराया भी चुकाना पड़ रहा है।

बाराकोट अस्पताल ।

क्या कहते हैं ग्रामीण:

बाराकोट में एक्सरे का परीक्षण नहीं होने से ग्रामीण लोगों को भारी दुश्वारी हो रही है। एक्सरे की सुविधा के लिए सीएमओ से लेकर स्वास्थ्य महानिदेशक और स्वास्थ्य मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक से गुहार लगाई जा चुकी है, मगर स्थिति में बदलाव नहीं आया। चोट लगने या अन्य कारणों से हड्डी टूटने के वक्त एक्सरे के लिए यहां के लोगों को वाहन बुक करा लोहाघाट जाने को मजबूर होना होता है। जिसमें परेशानी के अलावा वक्त और धन भी खर्च होता है।

नंदाबल्लभ बगौली,

पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख,

बाराकोट।

नंदा बल्लभ बगौली।

क्या कहते हैं चिकित्साधिकारी:

बाराकोट में एक्सरे की सुविधा नहीं है। फिलहाल यहां एक्सरे परीक्षण की मशीन लगाए जाने का प्रस्ताव नहीं है। बाराकोट के नजदीक लोहाघाट के सरकारी अस्पताल में एक्सरे परीक्षण की सुविधा है।

डॉ. देवेश चौहान,

सीएमओ, चंपावत।

CMO डॉ. देवेश चौहान।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.