मैदान से उठे आरोपों से पहाड़ भी अछूता नहीं
मिजाज-ए-मीडिया
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। दाग अच्छे हैं...कपड़े साफ करने वाले किसी Washing Powder की Tag Line में दागदार नहीं लगता है, बल्कि बे-दाग होने का सबूत देता दिखता है। पिछली सदी के आखिरी दशक के शुरुआती वर्षों में जैन डायरी में दर्ज सियासी नामों ने भले ही सियासी भूचाल मचाई हो, लेकिन सियासत की चाल उसने रत्तीभर भी नहीं बदली। तो क्यों माना जाए कि 'कमाल के कलमकारों' की टोली पर उठ रहे आरोपों की आग से क्या कुछ बदलेगा?
चर्चा यूं ही नहीं है। मैदान से निकले आरोपों के इस धुएं ने पहाड़ को भी धुंध की चादर में लपेट लिया है। इसमें लिपटने की चाहत तो कइयों की है, क्या मैदान क्या पहाड़ बहुतायत इसकी कवायद में जुटे भी रहते हैं। पर इस इम्तिहान में कामयाब कुछ खास ही हो पाते हैं। वे सिद्धहस्त हैं, इस 'धंधे' के, तभी वे अपनी सिद्धी को सफलता तक पहुंचा कर स्वयं को सार्थक कर पाते हैं! मगर कई धुरंधर हैं, जो 'अंगूर खट्टे हैं' की तर्ज पर मन मसोस कर सिर्फ सिसकिया ही भर पाते हैं।
अब पहेली पर विराम। जो लिखा जा रहा है, उसकी एक बुनियाद है। ये बुनियादी कितनी मजबूत है या कमजोर? आने वाला वक्त इसका फैसला करेगा, लेकिन फिलहाल बीते 24 घंटों से चर्चा तो खूब है। ऐसी चर्चा, जिसके मुताबिक ..कारों का एक संगठन हैं, जो अपना उल्लू साधने के लिए काम कर रहा है। तीन-पांच में जुटा है, ऐसा कहा जा रहा है। कितना सही कितना नहीं? ये तो शोर थमने के बाद सुरों को सुनकर पता लगेगा, मगर शोर खूब है, आवाज में जोश है, आरोपों में दम होने का दावा भी है। संगठन बड़ा है या छोटा, काम उसने भले ही कभी बढ़ा न किया हो, मगर उसने करामात बड़ी की है, ऐसी तोहमत तो उस बिरादरी में अंदर से ही लग रही है। आपस में आरोप-प्रत्यारोपों के तीर-कमान एक-दूजे पर तान रखे हैं। किसका नामा, कितना नामा, किन-किन का नाम, इसे लेकर ..कारों में कागजी वार- प्रतिवार खूब चल रहे हैं। कोई इस खेल का आगाज करने वाले को चुनौती दे रहा है, तो कोई
पूछ रहा है कि कौन वरिष्ठ है, कौन गरिष्ठ है या कौन कनिष्ठ है? इशारा तो कर दो। तो कुछ खुलकर सरगना के नाम के खुलासे की गुजारिश करते भी दिख रहे हैं। क्या पर्दा हटेगा या
बेपर्दा करने की मंशा धरी की धरी रह जाएगी? या खोदा पहाड़ निकली चुहिया...की तर्ज पर मामला हवा हवाई होगा? बहरहाल चटखारे लेने वालों की कमी नहीं है। पहाड़ के कई ऐसे सूरमा भी हैं, जिन्हें अंदेशा है कि उनका शेयर कोई उनका अपना करीबी ही झटक ले गया है। हे कलमवीरों, इन सब तीन पांचों पर ध्यान देने के बजाय पीत और रंग-बिरंगी पत्रकारिता से बचते-बचाते सीधी-सच्ची पत्रकारिता पर काम किया होता, लोगों के भले के लिए कुछ लिखा होता, तो न चरण और न चारण से विभूषित होना पड़ता और नहीं जन से दूर होना पड़ता। CCP (CUT COPY PASTE) की पत्रकारिता का जन में कितना विश्वास है, ऐसे कलम बहादुरों से जन को कितनी आस है, उन्हें खुद भी भान है। तभी तो ऐसे लोग न तो कलम से कोई कमाल कर रहे है, नहीं माइक का मान रख रहे हैं।
27 नवंबर से जिस चर्चा का आगाज आदर्श जिले के कुछ मैदानी साथियों ने किया है, क्या उन आरोपों का अंजाम कलमकारों को बे-दाग करेगा या कि दाग अच्छे हैं...विज्ञापन से आगे विज्ञापन और खबरों के अंतर को मिटाने की दिशा में ही आगे बढ़ेगा? बहरहाल चर्चा गरम है, किस दिशा में जाती है? जो भी निचोड़ रहेगा, अगले एपीसोड में चर्चा होगी।
© 2026. All Rights Reserved.