काम पर लौटे टनकपुर नगर पालिका के कर्मी
सभासद चर्चित शर्मा की अभद्रता और हंगामे के बाद 2 नवंबर से मचा था बवाल
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर नगर पालिका में बीते 2 दिन से चल रहा गतिरोध अंतत: समाप्त हो गया। हंगामा बरपाने के आरोपी सभासद चर्चित शर्मा द्वारा लिखित रूप से माफी मांगने के बाद विवाद खत्म हो गया। कर्मी आज 4 नवंबर की अपरान्ह को काम पर वापस आ गए। गतिरोध को टालने के लिए कई बार की वार्ता हुई थी। आखिरकार आज बुधवार अपरान्ह को मामला निपट गया।
टनकपुर नगर पालिका बोर्ड की बैठक के दौरान 2 नवंबर को वार्ड नंबर 7 के सभासद चर्चित शर्मा पर हंगामा काटने, सभाकक्ष के माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंकने के अलावा वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट से अभद्रता करने का भी आरोप लगा था। इस बवाल के बाद बैठक तो स्थगित हुई ही, साथ ही माहौल भी तनावपूर्ण हो गया था। ईओ ऋषभ उनियाल ने कल शाम सभासद के हंगामे के खिलाफ 2 नवंबर की शाम कोतवाली में तहरीर दी थी। सभासद की अभद्रता के विरोध में तबसे पालिका कर्मियों में भी नाराजगी थी। उन्होंने धरना दे कार्य बहिष्कार किया था। अलबत्ता अब सभासद के माफी मांगने के बाद मामला सुलझ गया है।
© 2026. All Rights Reserved.