2.18 करोड़ रुपये के अमोड़ी अस्पताल भवन को अब पद सृजन का इंतजार
डॉक्टर सहित कुल 6 पदों को सृजित करने के लिए भेजा है पत्र
1 अगस्त को CMO और SDM ने किया औपचारिक शुभारंभ
देवभूमि टुडे
चंपावत। अमोड़ी के PHC (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) टाइप ए से लोगों को इलाज मिलना शुरू हो गया है। यद्यपि अभी अस्पताल में डॉक्टर, पैरा मेडिकल और अन्य स्टाफ के पदों का सृजन नहीं हुआ है, लेकिन डीएम मनीष कुमार की पहल से इस अस्पताल में दूसरी जगह से संबद्ध करते हुए चिकित्सकीय कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अस्पताल से अमोड़ी और आसपास के 24 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ होगा। आज इस अस्पताल के संचालन का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान और चंपावत के SDM बीसी पंत ने औपचारिक रूप से शुभारंभ किया।
चंपावत से 29 किलोमीटर दूर अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये से बने PHC भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 29 जून को किया था। लेकिन पदा सृजित नहीं होने और उपकरण नहीं मिलने से इसका संचालन नहीं हो पाया था। अलबत्ता आज 1 अगस्त से वैकल्पिक उपायों से इसे शुरू किया गया है। चल्थी से संबद्ध डॉ. नरेश कुमार और सूखीढांग के फार्मासिस्ट को यहां अस्थाई रूप से भेजा गया है। स्टाफ को 15-15 दिनों के लिए भेजा जाएगा।




आज शनिवार को पहले दिन कुल 20 लोगों का इलाज हुआ। इसके अलावा एक बीमार को थोड़ी देर के लिए भर्ती भी किया गया। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित इस अस्पताल का लाभ रोड हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में भी मिल सकेगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य हिमानी बोहरा के प्रतिनिधि सुंदर बोहरा, खीमानंद भट्ट, दीपक बोहरा, भाजपा अनुसूचित मोर्चा प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी सहित ग्रामीण प्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद थे।
इन पदों का होना है सृजन:
डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, पर्यावरण मित्र के एक-एक पद। इसके अलावा स्टाफ नर्स के दो पद।
क्या कहते हैं CMO डॉ. देवेश चौहान:
'अमोड़ी PHC में कुल 6 पद सृजित होने हैं। इसके लिए महानिदेशक को पत्र भेजा गया है। साथ ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वास्थ्य सचिव को पत्र भेजा है। फिलहाल क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए आज 1 अगस्त से रोटेशन के आधार पर अस्पताल को चलाया जा रहा है। जरूरी उपकरणों के अलावा दवाओं की व्यवस्था CMSD से की गई है।'
© 2026. All Rights Reserved.