Sunday Mar 22, 2026

चंपावत के पास कुलेठी के एक दुमंजिले मकान में भीषण आग  

मकान के अलावा घरेलू सामान, नकदी भी जली

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत के पास कुलेठी के एक दुमंजिले मकान में भीषण आग लग गई। आग को काबू करने में डेढ़ घंटे से अधिक का वक्त लगा। आग लगने से मकान का अधिकांश हिस्सा जल गया। लाखों रुपयों के नुकसान का अनुमान है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। 

चंपावत के कुलेठी क्षेत्र में पंचायतघर के पास बसंत बल्लभ रस्यारा के लकड़ी के दुमंजिले मकान में आज 1 फरवरी को अपरान्ह करीब पौने चार बजे आग लग गई। इस मकान में तीन लोग रहते थे, आग धधकने पर परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकले। आग लगने की जानकारी मिलते ही लोहाघाट से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भारी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक मकान का ज्यादातर हिस्सा जल चुका था। मकान के भीतर रखे दो सिलिंडर फटने से भी आग ने एकाएक विकराल रूप लिया।

  

कोतवाल बीएस बिष्ट ने भवन स्वामी के हवाले से बताया कि मकान के अलावा नकदी और अधिकांश घरेलू सामान आग में नष्ट हो गया। ADM केएन गोस्वामी, तहसीलदार बीएम आर्या और कोतवाल बीएस बिष्ट ने मौके पर पहुंच बचाव कार्य की निगरानी की। वहीं क्षेत्र के कई लोगों का आरोप है कि पंचायतघर में फायर ब्रिगेड के दो वाहन थे, लेकिन समय पर एक से भी मदद नहीं मिली।

चंपावत के कुलेठी में जला आग व बुझाते फायरकर्मी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.