51 सदस्यीय पहला यात्रा दल कल शाम टनकपुर पहुंचेगा
5 जुलाई को मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। आस्था के धाम कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला बैच 5 जुलाई से टनकपुर से रवाना होगा। पहला दल कल 4 जुलाई शाम 4 बजे बाद टनकपुर टीआरएच (पर्यटक आवास गृह) पहुंचेगा। दल में 2 लाइजनिंग ऑफिसर और 1 डॉक्टर के अलावा 48 यात्री शामिल हैं। टनकपुर पहुंचने पर छोलिया नृत्य से शिवभक्तों का स्वागत होगा। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि 5 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर टीआरएच से हरी झंडी दिखाकर पहले यात्रा दल को रवाना करेंगे। टनकपुर होते हुए दूसरी बार यात्रा दल रवाना होगा। इससे पूर्व 5 जुलाई 2025 को 5 यात्रा दल टनकपुर होते हुए रवाना हुए थे।
दल में सबसे अधिक उम्र के यात्री 68 वर्षीय राजस्थान के अनिल कुमार जैन, गोपाल मेडातवाल और पुरुषोत्तम खंडेलवाल हैं। सर्वाधिक उम्र के ये तीनों शिवभक्त राजस्थान के हैं। जबकि सबसे कम उम्र 21 साल के यात्री गुजरात के हरिकृष्ण महावर्सिंग चावडा हैं। पहले जत्थे में सबसे ज्यादा 13 यात्री राजस्थान से हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र से 9, दिल्ली से 7, उत्तर प्रदेश से 5, तमिलनाडु, गुजरात व हरियाणा से 3-3 और कर्नाटक व आंध्र प्रदेश से 2-2 यात्री है। जबकि 1-1 यात्री उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना से हैं।
तीथयात्रियों के स्वागत और ठहराने की सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। टीआरएच के प्रबंधक मनोज कुमार के मुताबिक टनकपुर से कुल 10 जत्थे कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना होंगे। दूसरा दल 8 जुलाई, तीसरा 12 जुलाई, चौथा 16 जुलाई, पांचवां 20 जुलाई, छठा 24 जुलाई, सातवां 28 जुलाई, आठवां 1 अगस्त, नौवां 5 अगस्त और दसवां दल 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा।
© 2026. All Rights Reserved.