Tuesday Nov 3, 2026

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने चंपावत में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में कर्मियों के हितों, उनकी समस्याओं, सेवा संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की

देवभूमि टुडे

चंपावत। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने सफाई कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन करने के निर्देश दिए। आज 2 नवंबर को चंपावत में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में उन्होंने कर्मियों के हितों, उनकी समस्याओं, सेवा संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की।

उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत जरूरत के अनुसार सफाई कर्मियों की नियुक्ति के संबंध में प्रचलित शासनादेशों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करने के खंड शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय प्रशासन को जिला अस्पताल में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को नियमानुसार देय वेतन एवं अन्य अनुमन्य भत्तों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, कर्मियों के वेतन-भत्तों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और उनके वैधानिक अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने को कहा। 

बैठक लेते उपाध्यक्ष संतोष गौरव।

बैठक में विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों की नियुक्ति, वेतन-भत्तों, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों तथा कर्मचारी कल्याणकारी योजनाओं के क्रियांवयन की समीक्षा भी की गई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा कि सफाई कर्मियों के हितों एवं उनके कल्याण के प्रति नगर पालिका प्रतिबद्ध है। ईओ भरत त्रिपाठी ने पालिका क्षेत्र में संचालित स्वच्छता गतिविधियों, घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़ा पृथक्करण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी। कार्यक्रम में ADM केएन गोस्वामी, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, बबीता प्रहरी सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र एवं कार्मिक मौजूद थे






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.