Wednesday Nov 4, 2026

बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने अधिकारियों की बैठक ले समीक्षा की

कहा-सिर्फ दफ्तर तक सीमित न रहें अधिकारी

देवभूमि टुडे

चंपावत। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। ताकि कमियों की पहचान कर समय रहते सुधार किया जा सके। विकास भवन सभागार में केंद्र और राज्य की जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान 3 नवंबर को उन्होंने ये बात कही।

बीसूका उपाध्यक्ष बैठक से संबंधित।

जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्ति कीर्ति तिवारी ने बताया कि चंपावत जिला 99.75 % प्रगति के साथ बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन पर इस बार भी राज्य में पहले स्थान पर रहा। जिले ने लगातार 15वीं बार राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है।

बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, रोजगार, एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक में मौजूद थे ये जन प्रतिनिधि, अधिकारी:

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के संयुक्त निदेशक  टीएस अन्ना, CDO अजय सिंह, DDO देवेंद्र सिंह दिगारी, APD विम्मी जोशी, DEO मान सिंह, CMO डॉ. देवेश चौहान आदि।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.