पिथौरागढ़ मंडल के ग्रामीण डाक सेवक संगठन के चुनाव में निर्विरोध चुने गए पाटी के चरन सिंह बिष्ट
देवभूमि टुडे
चंपावत/पिथौरागढ़। उप डाकघर पाटी में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक चरन सिंह बिष्ट को लगातार चौथी बार पिथौरागढ़ मंडल के ग्रामीण डाक सेवक संगठन का मंडलीय सचिव बनाया गया है। नगर निगम सभागार पिथौरागढ़ में 27 सितंबर को हुए अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ पिथौरागढ़ मंडल के द्विवार्षिक अधिवेशन के बाद हुए चुनाव में उन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया गया। व्यापक संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और ग्रामीण डाक सेवकों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते उन्हें ये जिम्मेदारी दी गई है। अधिवेशन में ग्रामीण डाक सेवकों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर विश्वास जताते हुए फिर से मंडलीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी।

लगातार चौथी बार निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद चरन सिंह बिष्ट ने सभी ग्रामीण डाक सेवकों का आभार जताते हुए कहा कि साथियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन की एकता को मजबूत करने तथा ग्रामीण डाक सेवकों की समस्याओं को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
उनके पुनर्निर्वाचन पर संघ के पूर्व परिमंडलीय सचिव भूपेंद्र देव ताऊजी, ग्रामीण डाक सेवक बलदेव भट्ट, दया कृष्ण खर्कवाल, महेंद्र सिंह मेहरा, चाहत, सुरेश चंद्र जोशी, सचिन, हयात सिंह बिष्ट, मनखुश, प्रदीप, जनार्दन खर्कवाल सहित अनेक ग्रामीण डाक सेवकों ने उन्हें बधाई दी है। साथियों ने कहा कि चरन सिंह बिष्ट के संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय नेतृत्व से पिथौरागढ़ मंडल में संघ को और मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण डाक सेवकों की समस्याओं और अधिकारों को प्रभावी ढंग से उठाने में नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
© 2026. All Rights Reserved.