मुख्यमंत्री ने विख्यात मां वाराही शक्तिपीठ धाम देवीधुरा मंदिर के विकास कार्यों और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली
CM धामी ने मां वाराही मंदिर में पूजा-अर्चना भी की
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विख्यात मां वाराही शक्तिपीठ धाम देवीधुरा मंदिर के नव निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि मां वाराही धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा एवं मूल स्वरूप को अक्षुण रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त हो सके।






उन्होंने कहा कि मां वाराही धाम आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री धामी ने मां वाराही मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मां वाराही मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को चार खाम सात थोक एवं मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षो में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा। जबकि मंदिर की स्थापत्य कला एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, मां वाराही मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, समिति के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, ADM केएन गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
© 2026. All Rights Reserved.