Sunday Nov 1, 2026

नौजवाओं को यूथ फाउंडेशन के जरिए वर्दीधारी सेवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा

नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय की अध्यक्षता में हुई चंपावत पालिका बोर्ड की बैठक में लिया गया निर्णय

अपशिष्ट प्रबंधन को और बेहतर करने के लिए नगर पालिका को निःशुल्क सहयोग देगा हीलिंग हिमालय फाउंडेशन

देवभूमि टुडे

चंपावत। नगर के विकास के साथ ही चंपावत नगरपालिका अब सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाएगी। खासकर युवाओं के करियर निर्माण को लेकर। नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय की अध्यक्षता में 31 अक्टूबर को हुई बोर्ड बैठक में ये निर्णय लिया गया। पालिका यूथ फाउंडेशन के सहयोग से नौजवानों को विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिलाएगा। कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल द्वारा 2014-15 में स्थापित यह यूथ फाउंडेशन युवाओं को सेना, अर्ध सुरक्षा बल, पुलिस सहित विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती होने के लिए निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण देगा। साथ ही लिखित परीक्षा के भी टिप्स देगा। अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए बरातघर एवं दीन दयाल उपाध्याय पार्क में स्थान उपलब्ध कराएगा। प्रशिक्षण दिवाली बाद शुरू होगा।

चंपावत नगर पालिका बोर्ड बैठक।

इसी तरह अपशिष्ट प्रबंधन को और बेहतर करने के लिए हीलिंग हिमालय फाउंडेशन नगर पालिका को निःशुल्क सहयोग देगी। 2016 में पर्वतारोही प्रदीप सांगवान द्वारा स्थापित यह फाउंडेशन स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं सामुदायिक जागरूकता के अलावा फाउंडेशन प्रशिक्षण भी देगा। कहा गया कि इससे नगर क्षेत्र में स्वच्छता में गुणात्मक सुधार होगा। इसके अलावा बैठक में नगर के विकास, कर संग्रहण से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

मौजूद थे ये सभासद व अधिकारी:

प्रेमा चिल्कोटी, गीता अधिकारी, बबीता प्रहरी, पूजा वर्मा, मणिप्रभा तिवारी, रोहित बिष्ट, नंदू तड़ागी, दिनेश बर्दोला व जीवन कलौनी, जूनियर इंजीनियर आशीष धीमान आदि।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.