नेपाल सीमा से लगे कई गांवों की आवाजाही बंद
चरण मंदिर के पास कल आए भूस्खलन से बंद रोड को खोलने में जुटा लोनिवि, रोड खोलने को लगाई हैं 3 मशीनें
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। नेपाल सीमा से लगी टीजे (टनकपुर-जौलजीबी) रोड पर आए जबर्दस्त मलबे को हटाने में अभी और वक्त लगेगा। जबर्दस्त भूस्खलन से यह रोड कल सुबह से बंद है। रोड बंद होने से सीमांत के कई गांवों की आवाजाही पर असर पड़ा है। इस कारण क्षेत्र के काफी लोगों को रक्षा बंधन पर्व में घर पहुंचने में दुश्वारी झेलनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग की टीम रोड को खोलने में जुटी है, लेकिन भारी-भरकम मलबे को हटाने में तमाम मशक्कत के बावजूद अभी कामयाबी नहीं मिली है। वहीं आज लोनिवि के चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया ने मौका मुआयना कर जल्द से जल्द सड़क खोलने के लिए सभी संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
टीजे रोड चरण मंदिर के पास जर्बदस्त भूूस्खलन से कल 27 अगस्त की सुबह से बंद है। ऊंची पहाड़ी से टूटी चट्टान से रोड मलबे से पटी है। एक ओर पहाड़ी है, बीच में मलबा और दूसरी तरफ काली नदी। साथ ही भारी मलबे ने सड़क को भी खासा नुकसान पहुंचाया है। रोड पर आवागमन बंद होने से कलढुंगा, चूका, सीम, खेत, रणकोची से लेकर नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश के गांवों का सड़क संपर्क भी ठप हो गया है। वहीं कुछ ग्रामीण मजबूरी में जोखिम के बीच मलबे को लांघ आर-पार कर रहे है। पूर्णागिरी क्षेत्र की वन पंचायत के सरपंच पंडित नेत्र बल्लभ तिवारी ने रोड को जल्द से जल्द खुलवाने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने जोखिम उठा आर-पार कर रहे लोगों की हिफाजत के लिए भी कदम उठाने का प्रशासनिक अमले से अनुरोध किया है।




क्या कहते हैं अधिकारी:
टीजे रोड को खोलने के लिए पोकलैन और जेसीबी सहित 3 मशीनें लगाई गई हैं। काम का लगातार सुपरविजन किया जा रहा है। लेकिन मलबा बहुत ज्यादा है, इसलिए उसे हटाने में समय लग रहा है। उम्मीद है कि कल 29 अगस्त तक सड़क को आवागमन के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।
लक्ष्मण सिंह सामंत,
सहायक अभियंता, लोनिवि, टनकपुर।

© 2026. All Rights Reserved.