फौजी वर्दी, Army की फर्जी ID और AI से बनी मॉर्फ्ड फोटो
Instagram पर खुद को ‘पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाले युवक का SOG नैनीताल ने किया पर्दाफाश
देवभूमि टुडे
चंपावत/ हल्द्वानी। फौजी वर्दी, Army की फर्जी ID और AI से बनी मॉर्फ्ड (बदली गई) फोटो और Instagram पर खुद को ‘पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाला युवक अब पुलिस की गिरफ्त में है। नैनीताल SOG ने आरोपित युवक को हल्द्वानी से गिरफ्तार किया है। चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र के आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
1 सितंबर को MI (मिलिट्री इंटेलिजेंस) के अधिकारी/कर्मचारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नामक व्यक्ति Instagram सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी में विभिन्न फोटो एवं फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। लेकिन इस व्यक्ति का भारतीय सेना में कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया है।
शिकायत मिलने पर नैनीताल के SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जांच के निर्देश दिए। एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में जांच टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर तलाश की। लोकेशन के आधार पर BIRLA OPUS PAINT के गोदाम में रोहित सिंह मेहता नामक युवक के कार्यरत होने की जानकारी मिली। आरोपित युवक ने बताया कि उसने इंटरनेट एवं सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली फोटो प्राप्त कर Artificial Intelligence/Google Gemini की सहायता से मॉर्फ्ड (बदली गई) फोटो तैयार कीं। साथ ही Instagram पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित करते हुए अपलोड किया था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रोहित सिंह मेहता (20) निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी ने बताया कि ऐसा करने का उद्देश्य सोशल मीडिया की फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था। एसओजी टीम ने युवक के मोबाइल फोन की जांच भी की।
भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने एवं धोखाधड़ी किए जाने के आरोप में आरोपित युवक के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में बीएनएस की धारा 168/318 (3)/ 319 (2) के अंतर्गत कार्यवाही की गई। साथ ही बीएएसएस की धारा 35 (3) के तहत भी कार्यवाही की जा रही है।
आरोपित के पास से बरामद सामग्री:
2 स्मार्ट मोबाइल मोबाइल
1 अदद आधार कार्ड।
1 अदद पैन कार्ड।
मोबाइल फोन में सुरक्षित भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो/वीडियो
फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
नैनीताल एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन।
हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत एवं
त्रिलोक सिंह।
कांस्टेबल अशोक सिंह रावत एवं भूपेंद्र सिंह ज्येष्ठा।
© 2026. All Rights Reserved.