पाटी के खुतेली गांव की घटना
पुश्तेनी जमीनी विवाद और ताऊ की गाली-गलौज से तंग आकर जान दी
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। पाटी के खुतेली गांव में एक युवती ने आए दिन के पारिवारिक विवाद और गाली-गलौज से तंग आकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक 20 साल की युवती ने घर में दुपट्टा से फंदा लगा खुदकुशी कर ली। घटनास्थल के पास में ही सुसाइड नोट भी मिला है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट ले जाया गया है।
पाटी थाने के उप निरीक्षक दिनेश भट्ट ने बताया कि 18 नवबर की रात 7 बजे बाद 112 नंबर में एक कॉल के जरिए युवती की आत्महत्या की जानकारी मिली। फौरन पुलिस टीम थाने से करीब 35 किलोमीटर दूर खुतेली पहुंची। बकौल पुलिस रंजना उर्फ रेनु (20) निवासी खुतेली, पाटी अपने कमरे में दुपट्टे से लटकी मिली। घटना स्थल के पास सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर ताऊ जगदीश से विवाद चल रहा था। इसे लेकर आए दिन की गाली-गलौज से तंग आकर रंजना ने ये कदम उठाया। मृतका के पिता राजेंद्र सिंह महरा गुजरात में नौकरी करते हैं और भाई भी बाहर है। जबकि गांव में रंजना मां और अपनी बहन के साथ रहती थी। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेजा गया है। साथ ही पुलिस ने मृतका के पिता और भार्ई को भी वाकये की सूचना दी है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
© 2026. All Rights Reserved.