Saturday Jun 6, 2026

पौधे लगा भी रहे बचा भी रहे फर्तोला के जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी 'योगी'

6 वर्षों में अब तक लगा चुके 1050 से ज्यादा पौधे

जन्म दिवस, वैवाहिक समारोह, राष्ट्रीय व महत्वपूर्ण पर्वों के अलावा विद्यालयों के वार्षिकोत्सवों एवं अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण के माध्यम से दे रहे जीवंत संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष

देवभूमि टुडे

चंपावत/बारकोट। पर्यावरण संरक्षण सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि इंसान अस्तित्व की अनिवार्यता बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं, जो पर्यावरण संरक्षण को केवल विचारों तक सीमित न रखकर उसे जमीन पर उतारते हैं। चंपावत जिले के बाराकोट क्षेत्र के योगेश जोशी 'योगी' ऐसे ही पर्यावरण के रखवाले हैं। महज 40 हजार रुपये खर्च कर  फर्तोला सीट से जुलाई 2025 में जिला पंचायत सदस्य बने योगी सियासी जिम्मेदारी के साथ ही पर्यावरण को लेकर संजीदा हैं। आइए जानते हैं उनकी ये पहल क्या है-

पर्यावरण के हिमायती योगेश जोशी 'योगी'।

धरती हरीभरी रहे, हरियाली बनी रहे, न हवा की कमी हो, न ऑक्सीजन की, प्रदूषण से मुक्ति मिले...ऐसे तमाम उद्देश्यों को लेकर योगी पहल कर रहे हैं। ये प्रयास बेशक छोटे लग सकते हैं, लेकिन हैं बेहद उपयोगी। पौधारोपण को आदत में शुमार कर चुके योगेश जोशी योगी अन्य लोगों को प्रेरित करने के लिए खास मौकों पर पौधे रोप रहे हैं। जन्म दिवस, वैवाहिक समारोह, 15 अगस्त, 26 जनवरी सहित कई राष्ट्रीय व महत्वपूर्ण पर्वों के अलावा विद्यालयों के वार्षिकोत्सवों एवं अन्य शुभ अवसरों को पौधारोपण के माध्यम से जीवंत संदेश दे रहे हैं।  इन अभियानों के जरिए वे पिछले 6  वर्षों में अब तक 1050 से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं।

पेड़-पौधों के फायदे तो वे लोगों को उनकी बोली-भाषा में बताते ही हैं, इससे भी महत्वपूर्ण है पौधों की हिफाजत व परवरिश कर संदेश देना। पौधे लगाने के साथ उन्हें बचाने के लिए किए जाने वाले उनके जतन लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।

भावी पीढ़ी के लिए साफ आबोहवा की योगी की ये पहल सकारात्मक संदेश है। अन्य लोगों के लिए सीख व प्रेरणा दे रही है। ऐसे प्रयास केवल जन प्रतिनिधियों को ही नहीं समाज के हर वर्ग को आदत में शुमार करने चाहिए। इस विश्व पर्यावरण दिवस में ये संकल्प सबको लेना और मानना चाहिए। तभी यह धरती भावी पीढ़ी के रहने लायक बन सकेगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.