SSB की पंचम वाहिनी मुख्यालय चंपावत एवं वाहिनी की सभी सीमा चौकियों में हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम
बनबसा में हुए राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में SSB की पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने शिरकत की
देवभूमि टुडे
चंपावत। SSB (सशस्त्र सीमा बल) की पंचम वाहिती के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वाहिनी मुख्यालय एवं वाहिनी की सभी सीमा चौकियों में उत्साह के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। पंचम वाहिनी ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अंतर्गत वाहिनी मुख्यालय में योगाभ्यास कार्यक्रम कराया।


आयुष मंत्रालय के आह्वान पर आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 06:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता से राष्ट्रव्यापी समन्वित भागीदारी के साथ किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, बल कार्मिकों एवं संदीक्षा परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण का अनुसरण किया और योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
योग कार्यक्रमों की पहुंच बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहिनी की सीमाचौकियों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेंट एवं सीमावर्ती गांवों में भी योग कार्यक्रम किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दिनचर्या में नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम, बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में SSB की पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम एवं बलकार्मिकों ने सहभागिता की। सभी अधिकारीगण एवं बल कार्मिक, संदीक्षा परिवार के सदस्य, अध्यापकों और सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
© 2026. All Rights Reserved.