Friday Jun 5, 2026

पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों व आम लोगों  ने लगाएं पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक कर दिया जन जागरूकता का संदेश

देवभूमि टुडे

चंपावत। विश्व पर्यावरण दिवस पर आज 5 जून को जिलेभर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम हुए। वन विभाग के कार्यक्रम में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत बच्चों से होनी चाहिए। बच्चों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की शिक्षक जानकारी दें, ताकि बच्चें भविष्य में पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक बन सकें।

उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने प्रत्येक घर, विद्यालय और कार्यालय में "एक पेड़ मां के नाम" लगाने तथा उसकी परवरिश करने की अपील की।

कार्यक्रम में माउंट कार्मल स्कूल के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों से लोगों को जागरूक किया। बच्चों ने हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की शपथ भी ली।  पौधरोपण के बाद रोपित पौधों की सुरक्षा जरूरी है। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने भी पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। बाद में पालिकाध्यक्ष, DM एवं विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी आदि ने बांज, अकेशिया, आम, अमरूद आदि छायादार व फलदार पौधे लगाए। इससे पूर्व जागरूकता रैली निकाली गई।कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकार बृजमोहन टम्टा सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। 

पर्यावरण दिवस कार्यक्रम।

जिला जज संग न्यायिक अधिकारियों ने किया पौधरोपण

चंपावत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता में जिला न्यायालय के नए आवास प्रांगण में पौधरोपण किया गया। जिला जज ने छायादार पौधा लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका मित्तल गुप्ता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव रश्मि गोयल, जिला बार संघ के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विजय कुमार राय, रिटेनर अधिवक्ता मृदुल मौनी सहित सभी अधिवक्ताओं व कार्मिकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वाह्य न्यायालय टनकपुर में स्थित तहसील विधिक सेवा समिति ने भी पौधरोपण कार्यक्रम किया।

पर्यावरण दिवस कार्यक्रम।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.