।राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन ने किया निर्णायक संघर्ष का ऐलान
रैली को सफल बनाने के लिए चंपावत जिले में जन संपर्क और जागरूकता अभियान चलेगा
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। NMOPS (राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन) ने OPS (पुरानी पेंशन योजना) को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। आज 3 अप्रैल को लोहाघाट में हुई कर्मचारी संगठनों की बैठक में आंदोलन को तेज करने की रूपरेखा तैयार की गई।
जिलाध्यक्ष गोविंद मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों का हक है, जिसे अब हर हाल में हासिल किया जाएगा। कहा कि मई में जिला स्तर पर एक वृहद पेंशन रैली आयोजित की जाएगी। जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं संगठन प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। यह रैली पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में सरकार पर दबाव बनाने के लिए की जाएगी। कहा कि NPS (नई पेंशन योजना) और UPS (यूनिफाइड पेंशन स्कीम) सेवानिवृत्ति के बाद कर्मियों के भविष्य को असुरक्षित बनाती है। पुरानी पेंशन व्यवस्था ही कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में है।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते पुरानी पेंशन बहाली पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी जीवन ओली, डिप्लोमा इंजीनियर संघ के अध्यक्ष गोपाल कालाकोटी, राजकीय शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी, मंडलीय उपाध्यक्ष कैलाश फर्त्याल, नरेश जोशी, संजय कुमार, नवीन पांडेय, दिनेश जोशी, भास्कर पंत आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.