Tuesday Jul 28, 2026

लोहाघाट विकासखंड की पाटन पाटनी ग्राम पंचायत की महिलाओं ने जताया विरोध

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट विकासखंड की पाटन पाटनी ग्राम पंचायत को मास्टर प्लान-2041 में शामिल करने के प्रस्ताव पर महिलाओं ने नाराजगी जताई है। कहा कि इसे किसी भी कीमत पर कबूल नहीं किया जाएगा। महिलाओं ने रविवार को बैठक के बाद नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि गांव को प्रस्तावित प्राधिकरण में शामिल किया गया, तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

महिलाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र को प्राधिकरण के दायरे में लाने का निर्णय जन  भावनाओं और जरूरत के अनुरूप नहीं है। महिलाओं का कहना था कि वर्षों से ग्रामीण अपने पारंपरिक अधिकारों के तहत खेतीबाड़ी, मकान निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य करते आ रहे हैं। यदि गांव को प्राधिकरण के अंतर्गत शामिल किया जाता है, तो भविष्य में सामान्य कार्यों के लिए भी विभिन्न प्रकार की अनुमति लेनी पड़ सकती है। जिससे ग्रामीणों को बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और विकास कार्यों में भी बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं। कहा कि प्रशासन को कोई भी निर्णय लेने से पहले स्थानीय लोगों से व्यापक संवाद करना चाहिए तथा उनकी राय को प्राथमिकता देनी चाहिए।

चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगी। बैठक में बसंती देवी, भुवनेश्वरी पाटनी, रेनू पाटनी, लीला पांडे, ममता जोशी, इंद्रा पाटनी, पूनम पाटनी, पुष्पा पाटनी, माया पाटनी आदि मौजूद थीं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.