चंपावत में हुए कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
देवभूमि टुडे
चंपावत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर "अधिकार, न्याय एवं कार्यवाही" की वैश्विक थीम तथा "महिला शक्ति- आत्मनिर्भर और सक्षम चंपावत का आधार" के संकल्प के साथ कलक्ट्रेट में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। DM मनीष कुमार ने जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में अपने काम से विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शॉल ओढ़ाकर व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।





DM ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और सरकारी तंत्र की मजबूती में उनका योगदान अतुलनीय है। कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज की सर्वांगीण प्रगति का मुख्य आधार है। DM ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने की जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस अवसर पर DM ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया। पालिका अध्यक्ष और प्रमुख ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। SP रेखा यादव ने कहा कि जिले की प्रत्येक महिला की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। SDM नीतू डांगर और वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल ने भी विचार रखे। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर पुष्पा चौधरी के संचालन में हुए कार्यक्रम में सब रजिस्ट्रार अंजली पांडे, UREDA की PO चांदनी बंसल, महिला चिकित्सक, विभिन्न विभागों के अधिकारी महिला कार्मिक, जिले की विभिन्न समूह की महिलाएं मौजूद थीं।
इन्हें किया गया सम्मानित:
SP रेखा यादव, SDM नीतू डांगर, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, पाटी की BDO मोनिका पाल, जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, विकास, पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता व महिला समूह की महिलाएं।

© 2026. All Rights Reserved.