Tuesday Jun 9, 2026

पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रत्याशी तक खड़ा नहीं कर सकी कांग्रेस

जनवरी 2025 में हुए जिले के निकाय चुनाव में सभी चारों सीटों पर थे कांग्रेस के प्रत्याशी

देवभूमि टुडे

चंपावत/पाटी। पाटी का पहला नगर पंचायत अध्यक्ष कौन होगा? इसके लिए आज 9 जून को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष भाजपा का बनेगा या कोई निर्दलीय? इससे 11 जून को पर्दा हट जाएगा। लेकिन एक बात तो नतीजा आने से पहले ही तय है कि इस चुनाव में चाहे कोई जीते, कांग्रेस हारेगी। या कहे कि वह हार चुकी है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी भी खड़ा नहीं किया है।

23 जनवरी 2025 को हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा की तरह ही कांग्रेस ने चंपावत जिले की सभी चारों नगर निकायों में प्रत्याशी खड़े किए थे। ये दीगर बात थी कि एक भी सीट में कांग्रेस का प्रत्याशी जीत नहीं सका था। अलबत्ता दो सीटों पर उसने भाजपा को कड़ा मुकाबला जरूर दिया था। लेकिन करीब 16 माह बाद हो रहे पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में तस्वीर बदली हुई है। कांग्रेस पाटी में अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी।

 

जबकि नगर पंचायत चुनाव से पूर्व तक पाटी क्षेत्र में भाजपा की स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। पाटी, लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक लोहाघाट विधानसभा सीट का हिस्सा है। 2022 का विधानसभा चुनाव जीत लोहाघाट सीट पर कांग्रेस ने कब्जा किया था। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में आने वाले तीन ब्लॉकों में से दो में भाजपा व एक ब्लॉक में कांग्रेस का प्रमुख है। पाटी में पिछले साल अगस्त में हुए ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भाजपा को लोहाघाट के कांग्रेसी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बेटे शंकर सिंह अधिकारी ने करारी शिकस्त दी थी।

ऐसे में सियासी गलियारी में ये सवाल गूंज रहा है कि आखिर पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी क्यों खड़ा नहीं किया। क्या ये कांग्रेस की किसी रणनीति का हिस्सा है या इसके पीछे कोई गुटबाजी वजह है या कोई अन्य कारण? 2027 के विधानसभा चुनाव में 7 माह से भी कम समय है। वजह जो भी हो, लेकिन माना जा रहा है कि इसका असर कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ सकता है। नगर पंचायत के चुनाव में जब भाजपा एवं निर्दलीय प्रत्याशी जनता के बीच थे, उस वक्त कांग्रेस लोगों से दूर।

जनवरी 2025 में हुए चुनाव में कांग्रेस के ये थे प्रत्याशी:

बनबसा से बिजेंद्र कुमार।

लोहाघाट से रंजीत अधिकारी।

टनकपुर से हेमा वर्मा।

चंपावत से नीमा कठायत।

क्या कहते हैं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष:

कांग्रेस संगठन ने पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए एक नाम पार्टी नेतृत्व को भेजा था। वह नाम तकनीकी कारणों से स्वीकार नहीं हो सका था। बाद में किसी अन्य प्रत्याशी को खड़ा करने के लिए आग्रह किया गया था, लेकिन हरी झंडी नहीं मिली। जिस कारण पाटी में पार्टी प्रत्याशी नहीं उतार सकी।

चिराग फर्त्याल,

जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।

चिराग फर्त्याल।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.