चंपावत के घटकू मंदिर में हुआ कार्यक्रम
देवभूमि हुडे
चंपावत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर DM मनीष कुमार के नेतृत्व में चंपावत के घटकू मंदिर में संस्थान एवं जल निगम द्वारा आयोजित 'जल महोत्सव' एवं 'नीर नारी सम्मान समारोह में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा ने जल और नारी के अटूट संबंध को रेखांकित करते हुए दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। CDO डॉ. जीएस खाती, जल संस्थान के EE आरपी डोबाल और जल निगम के EE अशोक स्वरूप सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने महिला दिवस की महत्ता और 'नीर नारी सम्मान' के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।


वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका सर्वोपरि है और उन्हें सम्मानित करना समाज को सशक्त करने जैसा है। समारोह का मुख्य आकर्षण स्थानीय महिलाओं द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर जल देवता के भजन और मधुर कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति रही। महिलाओं ने गीतों के माध्यम से जल की महत्ता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी विशिष्ट वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और महिलाओं को 'नीर नारी सम्मान' के प्रतीक स्वरूप पारंपरिक 'पिछौड़े' वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान चौकी गीता देवी, बीडीसी सदस्य रजनी, सहायक अभियंता पवन बिष्ट, सहायक अभियंता अमित कुमार, लैब केमिस्ट तनुजा, रेखा सहित जल संस्थान एवं जल निगम का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय मातृशक्ति मौजूद थीं।
भिंगराड़ा में सम्मानित हुईं महिलाएं:
भिंगराड़ा। पाटी विकासखंड के भिंगराड़ा रामलीला मैदान में सहगल फाउंडेशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने समाज व देश के विकास में महिलाओं के योगदान पर चर्चा की। महिलाओं को उनके सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के साथ विचार भी साझा किए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भिंगराडा गीता भट्ट, ग्राम प्रधान खरही निर्मला जोशी, प्रधानाचार्य प्रेम बल्लभ भट्ट, उमेश भट्ट, रमेश चंद्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।



© 2026. All Rights Reserved.