अशासकीय विद्यालय सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में 2009 में नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली का आरोप
चंपावत के कारोबारी संदीप कुमार पांडेय ने डीएम को भेजा ज्ञापन
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के एक अशासकीय इंटर कॉलेज में फर्जी विज्ञाप्ति से कुछ शिक्षकों की नियुक्ति के आरोपों की जांच में सुस्ताई का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने डीएम को पत्र भेज ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 28 सितंबर की सुबह 10 बजे से परिवार सहित भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
चंपावत के कारोबारी संदीप कुमार पांडेय ने अशासकीय विद्यालय सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में वर्ष 2009 में शिक्षकों की नियुक्ति में फर्जी विज्ञप्ति, नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली, नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया था। आरोप के मुताबिक विद्यालय द्वारा समाचार पत्र की विज्ञप्ति की जो प्रति उपलब्ध कराई गई है, उस संबंध में दावा किया गया है कि संबंधित समाचार पत्र ने लिखित में यह कहा है कि 25 अगस्त 2009 को उनके समाचार पत्र में ऐसी कोई भी विज्ञप्ति प्रकाशित नहीं की गई थी।

उनका कहना है कि इस कथित फर्जीवाड़े मामले में पूर्व में भी 7 बार शिकायत की गई थी, लेकिन आरोपियों को संरक्षण होने से अब तक न तो निष्पक्ष जांच हुई और नहीं कोई कारवाई। पत्र में पांडेय ने 2009 में हुई सभी नियुक्तियों की अभिलेखीय एवं प्रक्रियात्मक निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कथित रूप से फर्जी तरीके से नियुक्त अपात्र अभ्यर्थियों एवं इस कृत्य में शामिल विद्यालय प्रबंधन एवं संबधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। 27 सितंबर की शाम तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 28 सितंबर को CEO कार्यालय के सम्मुख परिवार सहित भूख हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
बता दें कि शिक्षा विभाग ने 11 सितंबर को मामले की जांच के लिए जांच समिति बनाई थी, लेकिन अभी जांच पूरी नहीं हो सकी है। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह का कहना है कि जांच अंतिम दौर में हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
© 2026. All Rights Reserved.