Saturday Jun 6, 2026

पेयजल किल्लत से जूझ रहे  लोहाघाट सुई पऊ के ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ किया प्रदर्शन

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुई पऊ में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी को लेकर ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया।

 

ग्रामीणों ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन  करने की चेतावनी दी है। गलचौड़ा में सामाजिक कार्यकर्ता योगेश ओली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ विरोध जताया। कहा कि सुई लिफ्ट योजना से पानी कभी दूसरे दिन तो कभी तीसरे दिन आता है, वह भी महज 15 से 20 मिनट के लिए। यह पूरे गांव के लिए पूरी तरह अपर्याप्त है। ग्रामीण अब प्राकृतिक जल स्रोतों और हैंडपंप से पानी लाकर दिनचर्या चला रहे हैं। सुई लिफ्ट योजना से ग्राम पंचायत सुई पऊ, चनकाडे, सातखाल, चमनपुर और छमनिया तोक में पेयजल आपूर्ति होती है, लेकिन योजना की बदहाली के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जल संस्थान को कई बार शिकायतें करने और सूचनाएं देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। समस्या का तुरंत समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में बद्री दत्त जोशी, गिरीश पांडेय, अमरनाथ शर्मा, राजू पांडेय, कपिल जोशी, पंकज राम आदि मौजूद थे।जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि बारिश होने से दोनों नदियों का पानी गंदा हो रहा है। व्यवस्था सुचारू करने के लिए एक दिन छोड़कर पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.