Monday May 25, 2026

टनकपुर थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत के लोगों ने कंपनी के प्रतिनिधि के सम्मुख किया विरोध

शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत में बनाया जा रहा बंदा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर में थ्वालखेड़ा ग्राम पंचायत में बनने वाली नहर के किनारे ग्रामीणों की आवाजाही के लिए मार्ग को छोड़े जाने की क्षेत्र के लोगों ने मांग की है। इसे लेकर आज 24 मई को पूर्व ग्राम प्रधान सतीश पांडेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि एतराज जताने के बाद काम करा रही कंपनी के प्रतिनिधि ने नहर के किनारे करीब 7 मीटर मार्ग छोड़ने का आश्वासन दिया है।

शारदा कॉरिडोर निर्माण के तहत ग्राम पंचायत थ्वालखेड़ा से लगे रोखड के किनारे से बंदे का निर्माण किया जाना है। कहा गया कि थ्वालखेडा ग्राम पंचायत के 20 से अधिक परिवारों का आवागमन, गौचर, पनघट और रोखड़ की ओर से ही है। यदि रोखड़ के किनारे ग्रामीणों के लिए मार्ग छोड़े बगैर सुरक्षा दीवार लगाकर बंदे का निर्माण किया गया, तो इन ग्रामीणों का इकलौता रास्ता भी प्रभावित हो जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्णागिरी मार्ग से कुंदन सिंह के घर तक करीब 600 मीटर के बीच गांव की पुरानी वायरक्रेट सुरक्षा दीवार से निर्माणाधीन नहर निर्माण की सुरक्षा दीवार के बीच मार्ग छोडकर निर्माण कार्य  कराया जाए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित नहीं हो। पूर्व ग्राम प्रधान सतीश पांडेय के नेतृत्व में घेराव करने वालों में प्रधान प्रतिनिधि बृजमोहन जोशी, पंकज पांडेय, उमेश जोशी, रोहित जोशी, सुनील शर्मा, नारायण दत्त, नारायण सिंह अधिकारी, प्रेम सिंह, पंकज सिंह, कुंदन सिंह, रमेश सिंह आदि शामिल थे। इससे पहले 22 मई को पूर्व ग्राम प्रधान सतीश पांडेय के नेतृत्व में टनकपुर के एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया था।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.