Friday Jul 10, 2026

उज्जवला कनेक्शन चंपावत के स्थान पर टनकपुर गैस वितरण केंद्र शिफ्ट हुए

जून में डीएम मनीष कुमार से मिले थे पोथ ग्राम पंचायत के खिरद्वारी गांव के लोग

देवभूमि टुडे

चंपावत/खिरद्वारी। चंपावत जिले के इकलौते आदिम जनजाति बहुल गांव खिरद्वारी के लोगों को चूल्हा जाने के लिए अब पापड़ नहीं बेलने पड़ेंगे। खिरद्वारी के ग्रामीणों को गैस सिलिंडर रिफिल करने के लिए अब 120 किलोमीटर दूर चंपावत की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

 

चंपावत क्षेत्र पंचायत के पोथ ग्राम पंचायत के खिरद्वारी गांव के वनरावत जाति के सभी लोग बीपीएल श्रेणी के हैं। इन परिवारों के उज्जवला कनेक्शन 45 किलोमीटर दूर टनकपुर के बजाय 120 किलोमीटर दूर चंपावत के गैस वितरण केंद्र से दिए गए। इसके चलते अब तक यहां के लोगों को गैस सिलिंडर की रिफिलिंग से ज्यादा खर्च आने-जाने में ही हो जाता था। खिरद्वारी से चंपावत आने में एक व्यक्ति का आने-जाने का किराया 1 हजार रुपये है। अपनी इस व्यथा को खिरद्वारी के लोग अनेकों बार गैस वितरण केंद्र से लेकर प्रशासन के सम्मुख उठाते रहे।

जून में भी खिरद्वारी के दो दर्जन ग्रामीणों ने चंपावत कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी पीड़ा रखी थी। तब डीएम मनीष कुमार ने पूर्ति विभाग को वन रावतों की वाजिब दुश्वारी को दूर करने के लिए कनेक्शन चंपावत से टनकपुर स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। और अब खिरद्वारी के लोगों के कनेक्शन चंपावत से टनकपुर गैस वितरण केंद्र शिफ्ट हो गए हैं। इस कदम से ग्रामीणों को परेशानी के अलावा समय और धन की भी बचत होगी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.